Hardoi News: पोती के इलाज के लिए गए थे लखनऊ, पीछे से भाजपा नेता के घर लाखों की चोरी! लौटे तो उड़ गए होश
लालपालपुर चौकी क्षेत्र के पालपुर कस्बे में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को
हरदोई। लालपालपुर चौकी क्षेत्र के पालपुर कस्बे में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक अपनी पोती का इलाज कराने पत्नी के साथ लखनऊ गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के जेवर और कीमती साड़ियां पार कर दीं। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार हरदोई के आवास विकास निवासी राजाराम गुप्ता यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक (SI) हैं। वर्तमान में वह भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक हैं। राजाराम गुप्ता अपनी पत्नी निर्मला के साथ लखनऊ-बरेली हाईवे किनारे पालपुर कस्बे में बने मकान में रहते हैं।
करीब एक सप्ताह पहले मंगलवार को उनकी पोती की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद वह पत्नी के साथ उसका इलाज कराने लखनऊ चले गए। घर में ताला लगा हुआ था। रविवार को उनके बेटे संतोष गुप्ता मकान की साफ-सफाई करने पहुंचे थे, तब सब कुछ सामान्य था। बुधवार शाम जब राजाराम गुप्ता वापस लौटे तो मकान का गेट अंदर से बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो जाल खुला हुआ था और कमरे के दरवाजे का हुक टूटा पड़ा था। घर के अंदर रखे दो बक्सों का सामान भी बिखरा हुआ था। यह देखकर परिवार के होश उड़ गए। राजाराम गुप्ता के मुताबिक चोर घर से 23 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, सोने की झुमकी, चांदी की पायल और कीमती साड़ियां चोरी कर ले गए। उनकी पत्नी निर्मला ने चोरी में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। घटना के बाद क्षेत्र में चोरी की वारदात को लेकर चर्चा है।
What's Your Reaction?

