Hardoi: 11 वर्षीय लक्ष्मी की फरियाद रंग लाई, डीएम की पहल से शुरू हुआ पक्के घर का निर्माण।
कहते हैं कि अगर फरियाद निष्कपट हो और सुनने वाला संवेदनशील, तो व्यवस्था भी गरीब के द्वार पर आकर खड़ी हो जाती है। जनपद
हरदोई। कहते हैं कि अगर फरियाद निष्कपट हो और सुनने वाला संवेदनशील, तो व्यवस्था भी गरीब के द्वार पर आकर खड़ी हो जाती है। जनपद के गोपामऊ विधानसभा के हरियावा ब्लॉक स्थित ग्राम बरम्हौला में इसकी एक जीवंत मिसाल पेश हुई है। कड़ाके की ठंड में जिलाधिकारी अनुनय झा से पक्के घर की गुहार लगाने वाली 11 वर्षीय मासूम लक्ष्मी की मुराद अब पूरी हो गई है। प्रशासन की सक्रियता से आवास की पहली किस्त लाभार्थी के खाते में पहुंच गई है और आज से पक्के मकान का निर्माण कार्य भी शुरू हो गया।
- कड़ाके की ठंड में की थी भावुक अपील
बीती सर्दियों के दौरान जब समूचा जनपद शीतलहर की चपेट में था, तब बरम्हौला निवासी वेद प्रकाश 'बेदू' शर्मा की 11 साल की बेटी लक्ष्मी ने जिलाधिकारी अनुनय झा से एक मार्मिक अपील की थी। जर्जर दीवारों और टपकती छत के बीच अभावों में जी रही लक्ष्मी ने मासूमियत से कहा था— "डीएम अंकल, बहुत ठंड लगती है, हमें एक कॉलोनी (आवास) दिला दीजिए।" जिलाधिकारी ने इस छोटी सी बच्ची की पीड़ा को व्यक्तिगत रूप से संज्ञान में लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल पात्रता की जांच कर आवास आवंटित करने के निर्देश दिए थे।
- जर्जर घर में असुरक्षित था भविष्य
वेद प्रकाश शर्मा का परिवार लंबे समय से एक ऐसे मकान में रहने को मजबूर था जो कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकता था। बेदू ने बताया कि बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और रातें जागकर काटनी पड़ती थीं। अति गरीबी के कारण पक्का मकान उनके लिए केवल एक सपना था, जिसे जिलाधिकारी की संवेदनशीलता ने हकीकत में बदल दिया है।
पहली किस्त मिलते ही खिले चेहरे, लक्ष्मी ने कहा- 'थैंक यू डीएम अंकल'
आवास की पहली किस्त खाते में आते ही निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
आज जब नींव की खुदाई हुई, तो लक्ष्मी की खुशी का ठिकाना नहीं था। उसने भावुक स्वर में जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा: "डीएम अंकल, मैं लक्ष्मी देवी हूँ। मैंने आपसे ठंड में कॉलोनी के लिए कहा था और आपने मेरी बात सुन ली। पापा के खाते में पैसे आ गए हैं और आज से ईंटें लगनी शुरू हो गई हैं। अब हमें बारिश और ठंड में डर नहीं लगेगा, हम भी पक्के मकान में रहेंगे। डीएम अंकल, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!"
- DM हो तो ऐसा: जनपद में हो रही सराहना
आमतौर पर सरकारी फाइलों को आगे बढ़ने में वक्त लगता है, लेकिन जिलाधिकारी अनुनय झा ने जिस तेजी से इस गरीब परिवार की सुध ली, उसकी पूरे हरदोई जनपद में सराहना हो रही है। लोग कह रहे हैं कि "डीएम हो तो ऐसा," जो एक छोटी सी बच्ची की आवाज को शासन की प्राथमिकता बना दे। बेदू शर्मा और उनकी पत्नी ने भी मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का कोटि-कोटि धन्यवाद किया है।
Also Read- Lucknow: बेटी से लखपति दीदी तक- योगी सरकार ने महिलाओं के विकास को दी नई दिशा।
What's Your Reaction?









