प्रतिभा और परिश्रम से संभावनाओं को उपलब्धियों में बदल रही युवाशक्ति: टीओआई समिट में शामिल हुए सीएम योगी
लखनऊ में टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट में सीएम योगी ने कहा कि 2017 के बाद पारदर्शी भर्ती, स्टार्टअप और कौशल विकास से यूपी के युवाओं को नए अवसर मिले हैं।
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की ऊर्जावान युवाशक्ति अपनी अद्वितीय प्रतिभा, नवाचार और अनथक परिश्रम के बल पर हर संभावना को ठोस उपलब्धियों में बदल रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपने विचार साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में डबल इंजन सरकार द्वारा स्थापित पारदर्शी और परिणामोन्मुखी कार्य-संस्कृति पर प्रकाश डाला। उन्होंने रेखांकित किया कि आज का युवा केवल नौकरी की तलाश करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार प्रदाता बनकर राज्य के आर्थिक परिदृश्य को नई गति दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि नवाचार की आधुनिक सोच, उद्यमिता का साहस और विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता के नए कीर्तिमान स्थापित करने का अटूट संकल्प प्रदेश के युवाओं की पहचान बन चुका है। इसी सृजनशील युवाशक्ति के सामर्थ्य और उपलब्धियों का सम्मान करने के उद्देश्य से उन्होंने मंगलवार को लखनऊ में आयोजित प्रतिष्ठित "टीओआई यूथ आइकॉन्स समिट एवं अवार्ड्स 2026" में सहभागिता की।
विगत वर्षों के परिदृश्य का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को संसाधनों और अवसरों की कमी के चलते गैर-राज्यों की ओर पलायन करने के लिए विवश होना पड़ता था। सरकारी भर्तियों में व्याप्त भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और प्रशासनिक अव्यवस्था ने युवाओं के भविष्य को असमंजस और अंधकार में धकेल दिया था। योग्यता होने के बावजूद युवाओं को अपने ही प्रदेश में आगे बढ़ने का उचित मंच और प्रोत्साहन उपलब्ध नहीं था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस पूरी कार्य-संस्कृति को अमूलचूल रूप से बदला। चयन प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्तियां, बड़े पैमाने पर कौशल संवर्धन और स्टार्टअप प्रोत्साहन नीतियों के माध्यम से युवाओं के लिए नए क्षितिज खोले गए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज उत्तर प्रदेश का युवा वर्ग अपनी उद्यमशीलता के दम पर देश के आर्थिक विकास का इंजन बन रहा है और 'विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को धरातल पर साकार करने में सबसे आगे खड़ा है।
What's Your Reaction?

