Hardoi News: हरदोई युवा महोत्सव में कवियों ने बांधा समां, प्रेम, हास्य और ओज की रचनाओं से गूंज उठा नुमाइश मैदान

हरदोई युवा महोत्सव 2026 (सीजन 5.0) के अंतर्गत नुमाइश मैदान में भव्य काव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे

By INA News Desk
Nov 17, 2026 - 15:58
2 Views
Hardoi News: हरदोई युवा महोत्सव में कवियों ने बांधा समां, प्रेम, हास्य और ओज की रचनाओं से गूंज उठा नुमाइश मैदान
Advertisement
Advertisement

हरदोई। कल देर रात्रि हरदोई युवा महोत्सव 2026 (सीजन 5.0) के अंतर्गत नुमाइश मैदान में भव्य काव्य महोत्सव का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे से शुरू हुई इस साहित्यिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन उपस्थित रहे। तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सचिन मिश्र राष्ट्रीय अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ उपस्थित रहे कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जलन कर व गणेश जी का पूजन अर्चना करके किया गया कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री भारत पांडे सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा की गई । कार्यक्रम के पूर्व का संचालन अशोक सिंह लालू एवं शिवाय द्वारा किया गया । इस कवि सम्मेलन में काव्य पुष्पों को बुलाने का कार्य श्री पवन प्रगीत गीतकार द्वारा किया गया। कवि सम्मेलन का प्रारंभ आकांक्षा गुप्ता कवयित्री की वाणी वंदना से प्रारंभ हुआ ।देश के विभिन्न जनपदों से आए कवियों ने अपनी शानदार काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर रात तक साहित्य और कविता के रंगों में सराबोर रखा।

कार्यक्रम में आमंत्रित कवियों अभिषेक सहज (लखनऊ), अनुभव अज्ञानी (उन्नाव), सोमनाथ कश्यप, आदर्श सिंह निखिल (लखनऊ), डॉ. प्रमोद कुशवाहा, दिव्यांशु शुक्ला एवं आकांक्षा गुप्ता ने अपनी रचनाओं से खूब वाहवाही बटोरी। किसी ने प्रेम और विरह की संवेदनाओं को स्वर दिया तो किसी ने हास्य-व्यंग्य के माध्यम से जीवन की परिस्थितियों पर चुटीली टिप्पणी की। वहीं ओज और प्रेरणा से भरपूर रचनाओं ने श्रोताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

लखनऊ से आए कवि अभिषेक सहज ने प्रेम की अनकही पीड़ा को अपने शेर—
“मेरी मुहब्बत में शायद अब वो असर ही नहीं,  मैं तुम्हारे शहर में हूं और तुम्हें ख़बर ही नहीं।”
के माध्यम से बेहद प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। उनकी पंक्तियों ने प्रेम में उपेक्षा और भावनात्मक दूरी के एहसास को जीवंत कर दिया।
दिव्यांशु शुक्ला ने प्रेम की गहरी अनुभूति को दो पंक्तियों में समेटते हुए कहा—
“तन तुम्हारे द्वार से वापस गया है,  मन तुम्हारे द्वार से हटता नहीं है।”
इन पंक्तियों ने श्रोताओं को प्रेम में तन और मन के बीच के अंतर का एहसास कराया और खूब सराहना प्राप्त की।
सोमनाथ कश्यप ने प्रतीक्षा और अधूरी अभिलाषाओं को अपनी पंक्तियों—
“हुई प्रतीक्षा बड़ी जटिल है,  प्यास बहुत है, चाँद नहीं।”
के जरिए अभिव्यक्त किया। कम शब्दों में गहरी संवेदना व्यक्त करने वाली इस रचना ने श्रोताओं को भावविभोर किया।

लखनऊ के कवि आदर्श सिंह निखिल ने समय के महत्व, संघर्ष और आत्मविश्वास का संदेश देते हुए कहा कि जो व्यक्ति समय का मूल्य समझकर अपनी शक्ति को सही दिशा देता है, वही जीवन के संघर्षों में सफलता प्राप्त करता है। उनकी पंक्तियाँ—
“कौन जाने कल हमारी शक्ति का आयाम क्या हो,  आज ही इस हेतु उपजी हर विषमता से लड़ेंगे।”
ने युवाओं को विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करने की प्रेरणा दी।
वहीं उन्नाव के कवि अनुभव अज्ञानी ने अपने चुटीले हास्य और व्यंग्य से महफिल में खूब ठहाके लगवाए। उनकी हास्य रचना—
“थी दिखने में हथौड़ी मगर कील रही है,  वो मेरे कैमरे की पूरी रील रही है।  बीवी को ब्यूटी पार्लर का कोर्स कराया,  अब घर के सदस्यों की भौंहें छील रही है।”
ने श्रोताओं को हंसी से लोटपोट कर दिया। विशेष रूप से अंतिम पंक्ति पर सभागार तालियों और ठहाकों से गूंज उठा।


कार्यक्रम संयोजक पवन प्रगीत ने भी अपनी काव्यात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से संघर्ष और उम्मीद का संदेश देते हुए कहा—
“इस समय वनवास मेरा चल रहा है,  क्या पता कल बनकर लौट आऊँ।”
इन पंक्तियों में संघर्ष के दौर को स्वीकार करते हुए भविष्य में नई पहचान और नई संभावनाओं के साथ लौटने का आत्मविश्वास दिखाई दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं साहित्य प्रेमियों ने कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को साहित्य, संस्कृति और हिंदी भाषा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हरदोई युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ कला, संस्कृति और साहित्य को प्रोत्साहित करने का बेहतर मंच प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम संयोजक पवन प्रगीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयोजक़ो ने सभी अतिथियों, आमंत्रित कवियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। हरदोई युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह काव्य महोत्सव साहित्य, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं के संगम के रूप में यादगार बना। कार्यक्रम मे सयोंजन समिति से राधे प्रियांशु, माधव, जतिन, कबीर, रजत, शिवाय, रिषभ,आयुष ने कार्यक्रम क़ो सफल बनाया

Also Read- BJP Padyatra In Gorakhpur - 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का दूसरा दिन, गोरखपुर में CM योगी और नितिन नवीन का सियासी शंखनाद

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement