एलडीए का बड़ा फैसला: सडिजिटल होगा एलडीए का पुराना रिकॉर्ड, जुलाई 2026 तक नई व्यवस्था तैयार। 

एलडीए के लालबाग स्थित रिकाॅर्ड रूम में रखे पुराने चालान, भुगतान का विवरण, वेतन विपत्र, पुरानी सी0वी0 की फाइलें ऑनलाइन पोर्टल

Apr 24, 2026 - 14:16
Apr 24, 2026 - 14:17
 0  7
एलडीए का बड़ा फैसला: सडिजिटल होगा एलडीए का पुराना रिकॉर्ड, जुलाई 2026 तक नई व्यवस्था तैयार। 
AI Image
  • एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लालबाग स्थित रिकाॅर्ड रूम का निरीक्षण करके अधिकारियों को दिये निर्देश 
  • सरोजिनी नायडू पार्क के पास शिफ्ट होगा विहित प्राधिकारी न्यायालय, जुलाई, 2026 तक तैयार हो जाएगा भवन  

एलडीए के लालबाग स्थित रिकाॅर्ड रूम में रखे पुराने चालान, भुगतान का विवरण, वेतन विपत्र, पुरानी सी0वी0 की फाइलें ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट होंगी। जिससे जरूरत पड़ने पर भुगतान का सत्यापन एक क्लिक में किया जा सकेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरूवार को रिकाॅर्ड रूम का निरीक्षण करके अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिये। 

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सम्पत्ति, मानचित्र, नजूल आदि की पुरानी फाइलों के डिजिटाइजेशन का कार्य कराया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने मेसर्स पी0सी0एस0 मैनेजमेंट के प्रतिनिधि को निर्देश दिये कि वित्त एवं लेखा अनुभाग की फाइलों की स्कैनिंग के साथ-साथ पूरा रिकाॅर्ड प्राधिकरण के पोर्टल पर अपडेट किया जाए। निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश रिकाॅर्ड प्राधिकरण के गोमती नगर स्थित नवीन भवन में शिफ्ट किया जा चुका है और कई कमरे पूरी तरह खाली हो गये हैं। इस पर उपाध्यक्ष ने खाली हो चुके कमरों की नंबरिंग कराने के निर्देश दिये, जिससे कि इन्हें मांग अनुसार आवंटित किया जा सके। 

  •  गैर हाजिरी पर लिपिक निलम्बित 

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया। जिसमें कनिष्ठ लिपिक विनय कुमार की उपस्थिति नहीं पायी गयी। सम्बंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि उक्त कर्मचारी बिना किसी सूचना के कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रहा है। इस पर उपाध्यक्ष ने कनिष्ठ लिपिक विनय कुमार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलम्बित करने के निर्देश दिये। 

  •  नये भवन में शिफ्ट होगा विहित न्यायालय 

हजरतगंज में सरोजिनी नायडू पार्क के पास एलडीए का नया विहित प्राधिकारी न्यायालय बन रहा है। उपाध्यक्ष ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करके जुलाई, 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये, जिससे कि न्यायालय शिफ्ट करने की कार्रवाई शीघ्र करायी जा सके। उन्होंने बताया कि 11,300 वर्गफिट भूमि पर भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह बिल्डिंग तीन मंजिल की होगी, जिसमें स्टिल्ट पार्किंग दी जाएगी। 

  •  रिवर फ्रंट से जुड़ा उर्मिला वन 

कुकरैल नदी के किनारे विकसित किये जा रहे उर्मिला वन का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। यहां उर्मिला वन से रिवर फ्रंट को जोड़ने के लिए अप्रोच रोड बनायी जा रही है, जिसका कार्य लगभग पूरा हो गया है। उपाध्यक्ष ने ग्रीन काॅरिडोर के नीचे रिक्त भूमि पर पार्किंग बनाने के निर्देश दिये, जिसे कि यहां घूमने आने वाले लोग अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। इस क्रम में उन्होंने गोमती नगर विस्तार में ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे निर्मित स्पोर्ट्स एरीना का निरीक्षण करके सुविधा संचालित करने के निर्देश दिये।

  • गोमती नगर विस्तार में ओटीएस के लिए लगेगा कैम्प 

लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में कावेरी अपार्टमेंट के पीछे स्थित साइट ऑफिस में दिनांक- 24 एवं 25 अप्रैल को 02 दिवसीय कैंप लगाया जा रहा है। 

  उप सचिव माधवेश कुमार ने बताया कि डिफॉल्टर आवंटी इस अवसर का लाभ उठाकर कैंप में आकर ओटीएस के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवंटियों की सुविधा के लिए विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी एवं रोहित सिंह की अध्यक्षता में कैंप में संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। जिनके द्वारा आवंटियों को योजना की विस्तृत जानकारी देने के साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भरने में सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ओटीएस-2026 के लिए प्राधिकरण भवन में स्थापित विशेष हेल्प डेस्क भी संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि ओटीएस के अंतर्गत आवेदन करने वाले सभी बकायेदार आवंटियों को दंड ब्याज एवं चक्रवृद्धि ब्याज से छूट मिलेगी।

Also Read- 'योगी जी बुलडोजर लाओ, हम तुम्हारे साथ हैं', जोरासांको में गरजे सीएम योगी- 4 मई को बंगाल में लहराएगा भगवा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।