Lucknow : स्वस्थ दिनचर्या हर नागरिक का अधिकार- मुख्यमंत्री
सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति की बात महत्वपूर्ण होती है। नेता विकास, डॉक्टर स्वास्थ्य और जो जिस क्षेत्र का विशेषज्ञ है, उस विषय की बातें करेगा तो इसका प्रभाव आमजन पर पड़ेगा। सी
- मुख्यमंत्री ने बजट सत्र के दौरान चलने वाले स्वास्थ्य शिविर का किया उद्घाटन
- मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
लखनऊ, 9 फरवरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र की शुरुआत से पहले विधान भवन में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर विधानसभा व विधान परिषद के सदस्यों के लिए लगाया गया है। इसमें केजीएमयू के चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। शिविर के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा यह शिविर लगाया गया है। यह शिविर माननीय सदस्यों व अन्य लोगों की सुविधा के लिए भी रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या हर नागरिक का अधिकार होनी चाहिए। सरकार भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस पर काम कर रही है। सीएम ने सदस्यों को तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर सदस्य को तनावमुक्त रहकर उन्मुक्त वातावरण में दिनचर्या रखनी चाहिए, इससे रोग आकर भी भाग जाएगा।
सीएम ने कहा कि हर व्यक्ति की बात महत्वपूर्ण होती है। नेता विकास, डॉक्टर स्वास्थ्य और जो जिस क्षेत्र का विशेषज्ञ है, उस विषय की बातें करेगा तो इसका प्रभाव आमजन पर पड़ेगा। सीएम ने सभी सदस्यों से इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की।
उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी का आभार प्रकट किया। स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, बलदेव सिंह औलख, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, एसजीपीजीआई के निदेशक आरके धीमन आदि मौजूद रहे।
You May Read : Lucknow : बुंदेलखंड में ‘हर घर नल’ से बहती उम्मीद की धारा, गांव की महिलाओं को अब पानी के लिए नहीं तलाश करने पड़ते कुंए
What's Your Reaction?











