लखनऊ में सशस्त्र सीमा बल के आवासीय भवनों का शिलान्यास, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने दी नई सौगात
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार ने लखनऊ, गोरखपुर और महाराजगंज में सशस्त्र सीमा बल की विभिन्न आवासीय व प्रशासनिक परियोजनाओं की नींव रखी।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार ने राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित सशस्त्र सीमा बल की चौथी वाहिनी परिसर में जवान बैरक, अधीनस्थ अधिकारी मेस और आवासीय भवनों का विधि-विधान से शिलान्यास किया।

इसके साथ ही उन्होंने वर्चुअल माध्यम से गोरखपुर स्थित क्षेत्रक मुख्यालय, प्रशिक्षु प्रशिक्षण केंद्र व संयुक्त चिकित्सालय तथा महाराजगंज में तैनात 22वीं वाहिनी के कई नवनिर्मित भवनों का भी ई-शिलान्यास किया। इन आधुनिक आधारभूत संरचनाओं के तैयार होने से सीमा की सुरक्षा में जुटे सुरक्षाबलों के जवानों को बेहतर सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और आवासीय राहत मिलेगी, जिससे उनकी कार्यकुशलता में और बढ़ोतरी होगी।

कार्यक्रम के दौरान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने जवानों के साथ बैठकर अल्पाहार किया और उनसे सीधा संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सीमा पर तैनात जवानों का कल्याण और उन्हें अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लखनऊ से लेकर पूर्वांचल के सीमांत जिलों तक विकसित की जा रही यह नई आवासीय और चिकित्सीय व्यवस्थाएं बल के जवानों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मददगार साबित होंगी।
What's Your Reaction?