सम्भल में 25 साल पुराना रास्ता रोकने पर हंगामा: 20 परिवारों का निकास संकट में, नक्शे और बैनामे लेकर पहुंचे लोग
सम्भल में 25 वर्ष पुराने 16 फीट के रास्ते पर कब्जे को लेकर विवाद। 20-25 परिवारों ने रास्ता बंद करने का लगाया आरोप, दोनों पक्षों ने दिखाए राजस्व और बैनामे के दस्तावेज।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में करीब 25 साल पुराने रास्ते को लेकर विवाद गहरा गया है। एक पक्ष का आरोप है कि पुरानी प्लॉटिंग में 16 फीट का रास्ता छोड़ा गया था, जिस पर 20 से 25 वर्षों से लोगों के मकान और प्लॉट मौजूद हैं।
आरोप है कि कुछ लोग अब इसी रास्ते को अपनी जमीन बताकर रास्ता बंद करने की कोशिश कर रहे हैं। मामले को लेकर कई लोग एकजुट होकर अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं।
आदिल अहमद खान के मुताबिक, उनके पिता लईक अहमद खान ने करीब 22-25 साल पहले प्लॉटिंग की थी। उनका दावा है कि रास्ता गाटा संख्या 127/1 में दर्ज है और खतौनी में हनीफ के नाम है।
आदिल का कहना है कि रास्ते पर कई मकान बने हैं और लोगों के पास बैनामे व स्वीकृत नक्शे भी हैं। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत तत्कालीन एसपी केके बिश्नोई और डीएम से भी की गई थी, जिसके बाद रास्ता खुलवाया गया था।
फिरोज उर्फ बब्बू खां ने भी दावा किया कि 20-25 परिवार इस रास्ते से जुड़े हैं। उनका कहना है कि पहले भी रास्ते पर निर्माण की कोशिश हुई थी, जिस पर पुलिस कार्रवाई के बाद रास्ता साफ कराया गया था।
उन्होंने पटवारी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित पक्ष का रास्ते में कोई हिस्सा नहीं बताया गया है। वहीं दूसरी ओर नजाकत हुसैन ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उन्होंने वर्ष 2011 में नसीम पुत्र जब्बार से जमीन खरीदी थी।
उनके मुताबिक बैनामा, नक्शा और शुल्क जमा करने के दस्तावेज उनके पास हैं। नजाकत का आरोप है कि प्रशासन ने दस्तावेज दिखाने के बावजूद उनकी बात नहीं सुनी और कार्रवाई कर दी। अब दस्तावेजों के आधार पर लोग दावा कर रहे हैं। मामला प्रशासनिक जांच और राजस्व अभिलेखों की पड़ताल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Also Click : Swachhata Abhiyan: श्रमदान से ऐतिहासिक पोखरे की सफाई, युवाओं की पहल पर सीएम योगी ने की सराहना
What's Your Reaction?







