वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प बाइक यात्रा, बाबा विश्वनाथ का होगा जलाभिषेक

वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प बाइक यात्रा का भव्य समापन। 500 बाइक सवार करेंगे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक। रोहनिया में भाजपा की विशाल जनसभा आयोजित होगी।

By INA News Desk
Oct 6, 2026 - 23:46
6 Views
वडनगर से काशी पहुंची सेवा संकल्प बाइक यात्रा, बाबा विश्वनाथ का होगा जलाभिषेक
प्रतीकात्मक चित्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से आरंभ होकर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक निकाली गई सेवा संकल्प बाइक यात्रा का काशी में भव्य समापन होने जा रहा है। 500 बाइक सवार कार्यकर्ताओं के इस विशाल जत्थे के आगमन को लेकर काशी में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इस अवसर पर रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन होगा, जिसे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नबीन की काशी में यह पहली जनसभा होगी, जिसे सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से जुटे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर वाराणसी पहुंचकर रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सजे ‘नमो बुक फेस्ट, काशी संस्करण’ का जायजा लेंगे। इसके बाद वह जनसभा स्थल पहुंचेंगे और फिर बाबा विश्वनाथ मंदिर तथा काल भैरव मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन करेंगे।

काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया के अनुसार यात्रा में शामिल सभी बाइक सवार सुबह संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में पहुंचेंगे, जहां सभागार में उनका अभिनंदन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यात्रियों का स्वागत तिलक लगाकर, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया जाएगा। इसके बाद सभी प्रतिभागी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन को बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सुनेंगे।

संबोधन के उपरांत सभी प्रतिभागी मैदागिन पहुंचेंगे, जहां से भव्य पैदल शोभायात्रा काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना होगी। इस पैदल यात्रा में सबसे आगे 51 महिलाओं के साथ गुजरात की पवित्र नदियों और गंगाजल से भरे कुल 22 कलश चलेंगे। लगभग 800 की संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, विधान परिषद सदस्य और बाइक यात्री धाम परिसर पहुंचेंगे। वहां विधिवत पूजन-अर्चन और जलाभिषेक के बाद दोपहर में सभी जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान की जनसभा में हिस्सा लेंगे। अगले पड़ाव में यह दल अयोध्या धाम के लिए रवाना होगा और फिर दिल्ली पहुंचकर यात्रा पूरी होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow