सीतापुर के मछरेहटा में मनरेगा मजदूरों का प्रदर्शन: जेसीबी के इस्तेमाल का विरोध, 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
सीतापुर के मछरेहटा में संगतिन मजदूर संगठन ने मनरेगा कार्यों में मशीनों के उपयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
मछरेहटा में मनरेगा में मशीनों के इस्तेमाल पर भड़के श्रमिक, लंबित भुगतान और हाजिरी की समस्या को लेकर सौंपा ज्ञापन
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत काम करने वाले मजदूरों के हक की आवाज बुलंद की गई है। विकास खंड मछरेहटा में संगतिन मजदूर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को अपनी मांगों को लेकर एक बड़ा प्रदर्शन किया। संगठन ने ग्रामीण इलाकों में चल रहे मनरेगा के कामों में नियमों की अनदेखी और मजदूरों के अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के नाम एक पांच सूत्रीय ज्ञापन एडीओ (आईएसबी) सुरेंद्र कुमार को सौंपा। मजदूरों का कहना है कि गांवों में श्रमिकों को रोजगार देने के बजाय मशीनों से काम कराया जा रहा है, जिससे उनका हक छिन रहा है।
सौपे गए ज्ञापन के जरिए संगठन ने पुरजोर मांग की है कि जिन ग्राम पंचायतों में जेसीबी मशीनों की मदद से कच्चे रास्तों और चकमार्गों की पटाई का काम गुपचुप तरीके से कराया जा रहा है, उस पर तुरंत रोक लगाई जाए। संगठन के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि मनरेगा के नियमों के तहत ऐसे कामों में मशीनों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है और ये कार्य सिर्फ पंजीकृत मजदूरों से ही कराए जाने चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के गरीब परिवारों को आजीविका मिल सके। इसके साथ ही मजदूरों ने पहली जुलाई से पहले किए गए अपने सभी कार्यों का बकाया वेतन जल्द से जल्द बैंक खातों में भेजने की भी मांग की।
इस प्रदर्शन के दौरान तकनीकी दिक्कतों के कारण ऑनलाइन हाजिरी न लग पाने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। श्रमिकों ने बताया कि कार्यस्थलों पर फेस रिकग्निशन (चेहरा पहचान प्रणाली) से हाजिरी दर्ज करने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। इस वजह से कई दिनों तक काम करने के बावजूद बहुत से मजदूर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने से चूक गए और उन्हें मजदूरी से हाथ धोना पड़ा। संगठन ने इस तकनीकी समस्या का पक्का समाधान निकालने और हाजिरी से वंचित रहे सभी श्रमिकों का पूरा भुगतान करने की मांग की है। इस मौके पर अपनी मांगों को लेकर राजाराम, सरोजिनी, गीता, कमला, पप्पू सहित संगठन के कई प्रमुख सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला श्रमिक उपस्थित रहीं।
Also Click : Hardoi News: इनर व्हील क्लब हरदोई डीओडी का 11वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न, सोनिया मिश्रा बनीं नई अध्यक्ष
What's Your Reaction?




