हरदोई न्यूज़: मंत्री नितिन अग्रवाल ने की विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक- मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

Jun 29, 2024 - 20:23
Jun 29, 2024 - 20:25
 0  105
हरदोई न्यूज़: मंत्री नितिन अग्रवाल ने की विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक- मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

हरदोई न्यूज़: विवेकानंद सभागार में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक हुई। मंत्री में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि संचारी रोग एवं दस्तक अभियान के दौरान कार्य योजना के अनुसार कार्य किया जाये। बाढ़ के दौरान बीमारी से निपटने की तैयारियां अभी से कर ली जाएं। दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। 

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कहा कि ख़राब ट्रांसफर को तत्काल बदला जाये। रीवैम्प योजना के अंतर्गत जर्ज़र लाइनों को बदला जाये। मरम्मत के लिए उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता रखी जाये। विभाग के अधिकारी फोन अवश्य उठायें।

सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ निरोधक कार्य जल्द पूरा किये जाएं। बाढ़ से निपटने की कार्य योजना तैयार कर ली जाये। तालाबों को भरने की कार्रवाई की जाये।

जल निगम ग्रामीण की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक ग्रामों के संतृप्तीकरण के लिए गंभीर प्रयास किये जाएं। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत सड़कों की मरम्मत में देरी न की जाये। लापरवाही की दशा में जवाबदेही निर्धारित की जाये। कार्य पूर्ण होने के उपरांत प्रधान व सचिव का प्रमाण पत्र लिया जाये। अवशेष ग्रामों को भी हर घर नल योजना के अंतर्गत अच्छादित किया जाये। सभी परियोजनाओं को समय सीमा के अंदर पूरा किया जाये।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामों में नालियों की साफ सफाई करायी जाये। साफ सफाई के लिए कंट्रोल रूम नंबर 9455348901 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये। झाड़ियों की कटाई की जाये। व्यक्तिगत शौचालय में पात्रों को लाभान्वित किया जाये। मनरेगा की समीक्षा में उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप मानव दिवस सृजित किये जाएं। अमृत सरोवरों का कार्य पूर्ण किया जाये। नीलम नदी के जीर्णोद्वार का कार्य जल्द पूरा किया जाये।

आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्रों को धनराशि अवमुक्त करने में देरी न की जाये। मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत दैवीय आपदा से प्रभावित पात्र परिवारों को लाभान्वित किया जाये।

समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्रों को लाभान्वित किया जाये। वृद्धवस्था पेंशन धारकों को पेंशन की राशि ससमय भेजी जाये। पात्रों को पारिवारिक लाभ योजना का लाभ देने में देरी न की जाये। अभ्युदय योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये।

प्रोबशन विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि निराश्रित महिला पेंशन योजना में आवेदनों के सत्यापन में देरी न की जाये। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना व स्पान्सरशिप योजना में पात्र बच्चों को लाभान्वित कराया जाये। कन्या सुमंगला योजना में बच्चियों को नियमानुसार लाभान्वित कराया जाये।

कार्यक्रम विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि जर्ज़र आंगनबाडी केंद्रों की मरम्मत का कार्य जल्द पूरा किया जाये। बेसिक शिक्षा की समीक्षा में निर्देशित किया कि बच्चों को निपुण बनाने की दिशा में गंभीरता से प्रयास किये जाएं। शिक्षकों की समय से विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित की जाये।

निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण की कमियों को दूर करते हुए जल्द हैण्डओवर कराया जाये। सड़क निर्माण की परियोजनाओं को ससमय पूरा किया जाये।विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर यातायात में बाधक बिजली के खम्भे पीछे हटाए जाएं। पोल हटाने के कार्य में देरी होने पर सम्बंधित की जवाबदेही तय की जाये। उद्योग विभाग को निर्देश दिए कि रोजगार परक योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ा जाये। नये औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की सम्भावनाएं तलाशी जाएं।

वन विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण कराया जाये। वृक्षों को बचाने के लिए ग्राम प्रधानों को अभियान से जोड़ा जाये। तहसीलों को निर्देश दिए कि राजस्व सम्बन्धी मामलों में अनावश्यक विलम्ब न किया जाये। दैवीय आपदा में पात्र प्रभावितों को तत्काल सहायता उपलब्ध करायी जाये। भूमि व तालाबों से अवैध कब्जे हटाए जाएं।

अधिशाषी अधिकारी हरदोई को उन्होंने एक सप्ताह में सभी नालों की सफाई पूर्ण करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी मंत्री के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने संडीला में औद्योगिक क्षेत्र में दोहरे कराधान के मुद्दे को मंत्री के समक्ष रखा।

मंत्री ने शासन स्तर पर इस मुद्दे को रखने का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। जन प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाये तथा योजनाओं पर उनका फीडबैक लिया जाये।

जन प्रतिनिधियों से लगातार समन्वय रखा जाये। कानून व्यवस्था पूरी तरह से सुनिश्चित की जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी व अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

INA News_Admin आई.एन. ए. न्यूज़ (INA NEWS) initiate news agency भारत में सबसे तेजी से बढ़ती हुई हिंदी समाचार एजेंसी है, 2017 से एक बड़ा सफर तय करके आज आप सभी के बीच एक पहचान बना सकी है| हमारा प्रयास यही है कि अपने पाठक तक सच और सही जानकारी पहुंचाएं जिसमें सही और समय का ख़ास महत्व है।