एशियन पैरा गेम्स 2026: सिमरन ने 100 और 200 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड, यूपी के पंचायती राज विभाग ने दी बधाई
एशियन पैरा गेम्स 2026 में यूपी की डीपीआरओ और पैरा एथलीट सिमरन ने 100 और 200 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। पंचायती राज विभाग ने दी बधाई।
लखनऊ। जापान में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स में भारत की स्टार पैरा धाविका सिमरन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। गाजियाबाद निवासी और अर्जुन पुरस्कार विजेता सिमरन ने 100 मीटर तथा 200 मीटर स्पर्धाओं में पहला स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। खेल के वैश्विक मंच पर उनकी इस दोहरी कामयाबी से खेल प्रेमियों और प्रशासनिक महकमे में खुशी की लहर है। सिमरन वर्तमान में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं।
इस शानदार जीत के बाद पंचायती राज विभाग के निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान ने सिमरन से फोन पर संपर्क कर उन्हें जीत की बधाई दी और आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिमरन ने अपनी लगन, कठिन अभ्यास और अदम्य साहस के दम पर वैश्विक पटल पर तिरंगा लहराया है। उनका यह सफर अन्य खिलाड़ियों और युवाओं को विपरीत परिस्थितियों से लड़कर आगे बढ़ने की सीख देता है।

निदेशक ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिमरन के आगमन पर उनके गरिमामय और भव्य स्वागत के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हवाई अड्डे पर स्वागत के बाद उन्हें सम्मान के साथ लखनऊ लाया जाए, ताकि उनकी इस बड़ी उपलब्धि की सराहना की जा सके।
सिमरन का अंतरराष्ट्रीय ट्रैक रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक खेलों में कांस्य पदक हासिल किया था। इसके अलावा 2024 और 2025 में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी वह स्वर्ण और रजत पदक जीत चुकी हैं। वह 2020 टोक्यो पैरालंपिक में भी भारतीय दल का हिस्सा रही थीं।
उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सचान ने कहा कि सिमरन एक तरफ अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभा रही हैं, तो दूसरी तरफ ट्रैक पर देश के लिए लगातार पदक जीतकर मिसाल पेश कर रही हैं। उनका यह दोहरा समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है।
What's Your Reaction?

