Sambhal: 54 लाख के कथित गबन में घिरे रिटायर्ड DIOS पर गिरी गाज, शिक्षा मंत्री के आदेश से DPMU पद से हटेंगे श्यामा कुमार
जनपद सम्भल में शिक्षा विभाग एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। करीब 53.98 लाख रुपये के कथित गबन
उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल में शिक्षा विभाग एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। करीब 53.98 लाख रुपये के कथित गबन के मामले में जांच के दायरे में रहे रिटायर्ड जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) श्यामा कुमार की DPMU (डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति को लेकर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। आरोप है कि वेतन निर्धारण में कथित फर्जी प्रविष्टियां कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया, जिसकी जांच चल रही है।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि भ्रष्टाचार के आरोपी श्यामा कुमार को तत्काल DPMU पद से हटाया जाए। साथ ही कथित रूप से गबन की गई 53.98 लाख रुपये की राशि की वसूली सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब संबंधित अधिकारी पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप हैं और मामला जांच के दायरे में है, तब उन्हें इतने महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति कैसे दी गई? इस पूरे घटनाक्रम ने नियुक्ति प्रक्रिया और विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि सम्भल में हाल ही में DPO के 64 लाख रुपये के कथित भ्रष्टाचार का मामला भी चर्चा में रहा था। अब शिक्षा विभाग से जुड़ा यह नया प्रकरण सरकारी तंत्र की पारदर्शिता पर बहस तेज कर रहा है। इस मामले पर शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Click : Hardoi News: इनर व्हील क्लब हरदोई डीओडी का 11वां अधिष्ठापन समारोह संपन्न, सोनिया मिश्रा बनीं नई अध्यक्ष
What's Your Reaction?




