बाजपुर में जलभराव से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
बाजपुर के वार्ड नंबर 10 में लंबे समय से जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।
ब्यूरो चीफ : आमिर हुसैन
उत्तराखंड के बाजपुर ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर-10 में पिछले लंबे समय से बनी जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉक्टर अमृत शर्मा को एक शिकायती पत्र सौंपकर इस जन समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण क्षेत्र के लोगों का जीना दूभर हो गया है।
एसडीएम को दिए गए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड नंबर-10 के मुख्य संपर्क मार्ग पर नालियों का गंदा पानी सड़क पर जमा होने से पूरा रास्ता तालाब के रूप में बदल चुका है। इस मुख्य मार्ग से रोजाना गुजरने वाले स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने के कारण कई राहगीर फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके साथ ही गंदे पानी के ठहराव की वजह से क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी काफी बढ़ गया है, जिससे लोग डरे हुए हैं।
स्थानीय निवासियों ने अपनी इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 पर भी शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई सुधार नहीं दिखा है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से पुरजोर मांग की है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके पर भेजकर सड़क की मरम्मत कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या से राहत नहीं मिली, तो सभी ग्रामीण मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इस अवसर पर अपनी बात रखने के लिए बिलकिस जहाँ, रेशमा परवीन, मोबीन, सलीम जहाँ, निशा, नसीम जहाँ और हश्मीन जहाँ सहित काफी संख्या में वार्ड वासी उपस्थित रहे।
Also Click : मेजा तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले मंत्री नंदी, सौंपा 15 लाख का चेक और जमीन के पट्टे
What's Your Reaction?




