Ballia : 'ऑपरेशन दहन' के तहत बड़ी कार्रवाई, 11 थानों के 74 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ नष्ट
पकड़े गए नशीले पदार्थों में भारी मात्रा में अवैध गांजा, डायजापाम और हेरोइन शामिल थे, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 74 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है।
Report- Syed Asif Hussain Zaidi
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 'ऑपरेशन दहन' अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस अभियान के तहत जिले के 11 अलग-अलग थानों (सुखपुरा, फेफना, दुबहड़, बांसडीह रोड, मनियर, सहतवार, बैरिया, रेवती, नगरा, सिकन्दरपुर और खेजुरी) में दर्ज कुल 44 मुकदमों से संबंधित 130.459 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए गए। पकड़े गए नशीले पदार्थों में भारी मात्रा में अवैध गांजा, डायजापाम और हेरोइन शामिल थे, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 74 लाख 6 हजार रुपये आंकी गई है। इस अवैध खेप को पड़ोसी जनपद गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में स्थित सिलिकॉन वेलफेयर सोसाइटी वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के इंसिनरेटर (भट्ठी) में ले जाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
मादक पदार्थों के निस्तारण और विनिष्टीकरण के संबंध में सरकारी नियमों के तहत न्यायालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के दिशा-निर्देशन में एक जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी का गठन किया गया। इस विशेष कमेटी में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा और क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार शामिल रहे। कमेटी के अधिकारियों की प्रत्यक्ष देखरेख और उपस्थिति में सभी थानों के मालखानों से मादक पदार्थों को निकालकर निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत उन्हें भस्म कर दिया गया। पुलिस प्रशासन के इस कड़े कदम से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
Also Click : Sambhal : 50% दिव्यांग फराज की गुहार: 'अपात्र' बताकर निरस्त किया अंत्योदय राशन कार्ड, अब दो वक्त की रोटी का संकट
What's Your Reaction?




