Sambhal : 50% दिव्यांग फराज की गुहार: 'अपात्र' बताकर निरस्त किया अंत्योदय राशन कार्ड, अब दो वक्त की रोटी का संकट
पीड़ित फराज अहमद ने बताया कि उनका यह अंत्योदय राशन कार्ड करीब 23-24 साल पहले बना था, जिसके जरिए उन्हें और उनके परिवार को नियमित रूप से सरकारी राशन मिल रहा था।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले जरूरतमंदों के सामने कई बार प्रशासनिक फैसले बड़ी मुश्किल खड़ी कर देते हैं। ऐसा ही मामला सम्भल के मियासराय निवासी 50 प्रतिशत दिव्यांग फराज अहमद का सामने आया है, जिनका वर्षों पुराना अंत्योदय राशन कार्ड अपात्र घोषित कर निरस्त कर दिया गया। अब फराज ने प्रशासन से राशन कार्ड बहाल करने की मांग की है।
फराज अहमद के अनुसार उनका अंत्योदय राशन कार्ड करीब 23-24 वर्ष पहले बना था और उन्हें नियमित रूप से राशन मिलता रहा। लेकिन जुलाई 2025 में उनका राशन कार्ड यह कहते हुए निरस्त कर दिया गया कि वे योजना के लिए अपात्र हैं। फराज का कहना है कि राशन कार्ड निरस्तीकरण से पहले सर्वे टीम उनके घर पहुंची थी, लेकिन उस समय वे अपनी मां के आंख के ऑपरेशन के सिलसिले में अलीगढ़ गए हुए थे। टीम ने पड़ोसियों से जानकारी जुटाई और बाद में उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया।
फराज ने बताया कि राशन कार्ड में पहले चार यूनिट दर्ज थीं, लेकिन वर्तमान में परिवार में केवल दो सदस्य ही रह गए हैं। उनके पिता और भाई का निधन हो चुका है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और आय का कोई स्थायी साधन नहीं है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं 50 प्रतिशत दिव्यांग हैं और सरकारी राशन ही उनके जीवनयापन का मुख्य सहारा था। फराज अहमद ने प्रशासनिक अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि उनके मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनका अंत्योदय राशन कार्ड पुनः बहाल किया जाए, ताकि उन्हें सरकार की खाद्यान्न योजना का लाभ मिलता रहे और परिवार के सामने खड़ा रोजी-रोटी का संकट दूर हो सके।
Also Click : Saharanpur : सहारनपुर में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह ढेर
What's Your Reaction?




