20 लाख की चोरी का 3 घंटे में खुलासा! घर में नहीं घुसा कोई बाहरी शख्स, बड़ी बहू निकली मास्टरमाइंड
सम्भल के बहजोई में 20 लाख की कथित चोरी का चंद घंटों में खुलासा। बाहरी घुसपैठ न मिलने पर शक के घेरे में आई परिवार की बड़ी बहू, सारा माल बरामद।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल के बहजोई में 20 लाख रुपये की कथित चोरी के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, घर में किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री के साक्ष्य नहीं मिले। जांच आगे बढ़ी तो शक घर के ही सदस्यों पर गया और आखिरकार परिवार की बड़ी बहू तक पुलिस पहुंच गई।

एसपी सम्भल विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, बहजोई के टंकी मोहल्ला निवासी इरशाद अली के घर में करीब 20 लाख रुपये की ज्वेलरी चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी साउथ मनोज रावत, सीओ बहजोई स्तुति सिंह और इंस्पेक्टर बहजोई राजीव की टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने घर के अंदर-बाहर और आसपास के इलाके की जांच की तो चोरी के बताए गए समय में किसी बाहरी व्यक्ति के घर में दाखिल होने के सबूत नहीं मिले। इसके बाद घर के सदस्यों से गहन पूछताछ की गई और मोबाइल डिटेल्स समेत अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।

जांच में पुलिस के मुताबिक, इरशाद अली की पत्नी महक पर शक गहराया और पूछताछ में घटना का खुलासा हुआ। पुलिस का दावा है कि परिवार में छोटे भाई की शादी के दौरान उसकी पत्नी को ज्यादा ज्वेलरी मिलने से महक नाराज थी। इसी कथित असंतोष के चलते उसने ज्वेलरी छिपाकर 20 लाख की चोरी का प्रचार कराया। पुलिस ने महक को गिरफ्तार कर कथित तौर पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। एसपी के मुताबिक, मामले में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
What's Your Reaction?