Saharanpur : सहारनपुर में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह ढेर
मारे गए अपराधी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद डरावना रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और पुलिस टीम पर जानलेवा हमले जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। उसने वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूट ली थी।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सहारनपुर में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सवा लाख रुपये के इनामी और बेहद खतरनाक अपराधी ललन सिंह उर्फ लल्लन को मुठभेड़ में मार गिराया है। बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला यह अपराधी काफी समय से पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। इस शातिर अपराधी पर वाराणसी पुलिस की तरफ से एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस की तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
देर रात एसटीएफ को सूचना मिली थी कि अपराधी सरसावा इलाके में छिपा हुआ है। इस जानकारी पर एसटीएफ ने नकुड़ रोड पर घेराबंदी की, जहां अपराधी से आमना-सामना हो गया। खुद को घिरा देख उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी मुठभेड़ में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मारे गए अपराधी का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद डरावना रहा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और पुलिस टीम पर जानलेवा हमले जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे। उसने वाराणसी में एक उपनिरीक्षक को गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूट ली थी। इसके अलावा चंदौली में एक युवक की हत्या कर मोटरसाइकिल लूटने की वारदात को भी अंजाम दिया था। बिहार में भी उसने दो उपनिरीक्षकों, बैंक कैशियर और सुरक्षा गार्ड सहित सात लोगों की हत्या की वारदातों को अंजाम दिया था। इस बड़े और खूंखार अपराधी के मारे जाने के बाद पुलिस महकमे ने बड़ी राहत की सांस ली है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
What's Your Reaction?




