Crime News Hardoi: शाहाबाद में चांदी लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

चालक ने ही रची थी 17.5 किलो चांदी लूटने की साजिश, 2.25 किलो चांदी, वारदात में प्रयुक्त कार और अवैध तमंचे बरामद

By INA News Desk
Oct 2, 2026 - 11:01
14 Views
Crime News Hardoi: शाहाबाद में चांदी लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

हरदोई। शाहाबाद थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी से हुई चांदी लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसओजी, सर्विलांस, स्वाट और शाहाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 1/2 अक्टूबर की रात शाहाबाद बाईपास पर चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ के बाद यह कार्रवाई की। मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। हालांकि, दो आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को हृदयराम सोनी निवासी अहमदगंज, परम विहार कॉलोनी, ठाकुरगंज, लखनऊ अपने चालक करन के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर से लखनऊ जा रहे थे। उनके पास करीब 17.5 किलोग्राम चांदी थी। शाहाबाद थाना क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार सवार चार युवकों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोपियों ने कार का शीशा तोड़कर करीब पांच किलोग्राम चांदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। घटना के संबंध में शाहाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं।

चालक ने ही दोस्तों के साथ मिलकर बनाई थी लूट की योजना

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी का चालक करन ही लूट की साजिश का मुख्य सूत्रधार था। चांदी के कारोबार की जानकारी होने के कारण उसने अपने दोस्तों को इसकी सूचना दी थी। आरोपियों ने पहले से ही लूट की योजना बना रखी थी। 27 सितंबर को करन ने इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से अपने साथियों को कारोबारी के चांदी लेकर जाने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों ने निर्माणाधीन हाईवे के पास सुनसान स्थान को वारदात के लिए चुना, जहां आसपास सीसीटीवी कैमरे भी नहीं थे। बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे आरोपियों ने कारोबारी की गाड़ी को रोककर चांदी लूट ली। शक से बचने के लिए आरोपियों ने अपने ही साथी करन के साथ मारपीट की और उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे घटना को लूट का सामान्य मामला दिखाया जा सके। इसके बाद आरोपी टोल टैक्स से बचते हुए फरार हो गए।

मुठभेड़ में दो आरोपी घायल, चार गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 1/2 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल आरोपी शाहजहांपुर से लखनऊ की ओर जा रहे हैं। इस पर एसओजी, सर्विलांस, स्वाट और शाहाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने शाहाबाद बाईपास पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें सुशील यादव और विमल यादव पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा। वहीं, अमन और करन को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए।

2.25 किलो चांदी, कार और अवैध तमंचे बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार, लूटी गई 2.25 किलोग्राम चांदी, दो .315 बोर के तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि कारोबारी की कार में चांदी के दो बैग थे। एक बैग में 12.5 किलोग्राम और दूसरे में पांच किलोग्राम चांदी रखी थी। लूट के दौरान पांच किलोग्राम चांदी वाला बैग आरोपी ले गए थे। शेष चांदी को कारोबारी ने घटना के दौरान ही बेहटा गोकुल के पास अपने परिचित अतुल को सौंप दिया था, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशील यादव निवासी बाराबंकी, हाल निवासी ठाकुरगंज लखनऊ, विमल यादव निवासी लीलाखेड़ा, थाना दुबग्गा लखनऊ, अमन निवासी बनियाखेड़ा, थाना दुबग्गा लखनऊ और करन निवासी गांवघाट अहमदगंज, थाना ठाकुरगंज लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सुशील, विमल और अमन के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं के मामले शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के नेतृत्व में गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा किया। फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read- Maharashtra TET Paper Leak: जूते के इनसोल में छिपाकर बाहर निकाला गया था पर्चा, पुलिस ने दाखिल की 3500 पन्नों की चार्जशीट

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow