हरदोई में विधान परिषद चुनाव की तैयारियां तेज, डीएम और एसपी ने स्ट्रांग रूम व मतदान केंद्रों का लिया जायजा
हरदोई में विधान परिषद चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए डीएम राहुल पाण्डेय और एसपी अशोक कुमार मीणा ने मतदान केंद्रों और जीआईसी स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को पारदर्शी, भयमुक्त और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय तथा पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदेय स्थलों और स्ट्रांग रूम का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। प्रशासनिक व पुलिस प्रमुख ने क्षेत्र पंचायत कार्यालय माधौगंज तथा नगर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बनाए गए मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुगमता के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, प्रकाश, शौचालय, आवागमन के प्रवेश व निकास मार्गों और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। मतदान परिसर में स्पष्ट और पर्याप्त सूचना संकेतक लगाए जाएं ताकि मतदाताओं को अपने निर्धारित कक्ष व मतदेय स्थल तक पहुंचने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित किए गए स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सीलिंग प्रबंधों और निगरानी व्यवस्था का भी गहन मुआयना किया गया।

शांति और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा बलों की तैनाती, बैरिकेडिंग और गश्त को लेकर मातहत अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों और स्ट्रांग रूम के इर्द-गिर्द सुरक्षा का त्रिस्तरीय व पुख्ता घेरा रखा जाए और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहे। निर्वाचन प्रक्रिया को बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से पूरा कराने के लिए पुलिस प्रशासन निरंतर सजग रहकर निगरानी करेगा।
What's Your Reaction?



