Sambhal News:सम्भल में इकराम कुरैशी की हुंकार: मीट कारोबार की लड़ाई को सबकी लड़ाई बनाने का आह्वान
20% मुस्लिम हैं, 80% लोग मीट खाते हैं… कुरैशी कॉन्फ्रेंस में इकराम कुरैशी की हुंकार, बोले- मीट कारोबार की लड़ाई को सबकी लड़ाई बनाओ, शादी हो तो खजूर-शरबत पर!
उवैस दानिश, सम्भल
कुरैशी कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी ने मीट कारोबार, समाज में भाईचारे और गरीब परिवारों की बेटियों की शादी को लेकर बेबाक अंदाज में अपनी बात रखी। मीट कारोबार को लेकर उन्होंने कहा कि इस देश में 20 प्रतिशत मुस्लिम हैं और 80 प्रतिशत लोग मीट खाते हैं। उन्होंने कहा कि मीट कारोबार से जुड़े मुद्दे को सिर्फ मुस्लिम समाज का मुद्दा नहीं, बल्कि सबकी लड़ाई बनना चाहिए।
हाजी इकराम कुरैशी ने कारोबारियों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि जब कारोबार पर संकट आया था, तब उन्होंने छह महीने के लिए मीट का कारोबार बंद करने की सलाह दी थी। उन्होंने कारोबारियों से कहा था कि गोश्त का कारोबार बंद करके केला बेचो, सेब बेचो, संतरा बेचो। उनका कहना था कि जब यह लड़ाई सबकी बनेगी, तभी कारोबारियों की ताकत बढ़ेगी। इकराम कुरैशी ने समाज में बढ़ते शादी के खर्च पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की बेटियों की शादी आसानी से हो सके, इसके लिए शादी को बेहद सादगी से किया जाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि खजूर और शरबत पर शादी होनी चाहिए। उनका कहना था कि दिखावे और फिजूलखर्ची से गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। पूर्व विधायक ने बिरादरीवाद खत्म करने और हिंदू-मुस्लिम, सिख-ईसाई भाईचारा मजबूत करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देश में नफरत बढ़ने से देश कमजोर होता है। साथ ही उन्होंने गरीब और मजदूर के मुंह से निवाला छीने जाने का मुद्दा उठाते हुए गरीबी पर चिंता जताई और देश में अमन-भाईचारे का माहौल कायम होने की दुआ की।
What's Your Reaction?