Sambhal News: सम्भल में राम-कृष्ण वाले बयान पर सियासी बवाल, AIMIM जिलाध्यक्ष बोले- हम उन्हें आदर्श मानते हैं
योग गुरु बाबा रामदेव के मुस्लिमों के पूर्वजों को लेकर दिए बयान पर सम्भल में सियासत गरमा गई है। AIMIM जिलाध्यक्ष असद अब्दुल्ला
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: योग गुरु बाबा रामदेव के मुस्लिमों के पूर्वजों को लेकर दिए बयान पर सम्भल में सियासत गरमा गई है। AIMIM जिलाध्यक्ष असद अब्दुल्ला ने बाबा रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के सभी लोग आदम अलैहिस्सलाम की औलाद हैं, लेकिन किसी की धार्मिक आस्था को किसी दूसरे पर थोपना सही नहीं है।
असद अब्दुल्ला ने कहा कि वे राम और कृष्ण को आदर्श मानने की बात स्वीकार करते हैं, लेकिन इसी तरह मुसलमान मोहम्मद रसूलुल्लाह, हजरत अली और इमाम हुसैन को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू-मुस्लिम एकता कोई नई बात नहीं, बल्कि देश के इतिहास में दोनों समुदायों ने मिलकर मुश्किल दौर का सामना किया है। उन्होंने प्रयागराज के मेले और प्राकृतिक आपदाओं का उदाहरण देते हुए दावा किया कि मुश्किल समय में मस्जिदों के दरवाजे लोगों के लिए खोले गए और भाईचारे की मिसाल पेश की गई। असद अब्दुल्ला ने बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि आज असली मुद्दे नौजवानों की परेशानियां और देश के हालात हैं। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए थीं, न कि केवल हिंदू-मुस्लिम से जुड़े बयान देने चाहिए। AIMIM नेता ने कहा कि देश की मजबूती आपसी भाईचारे और एकजुटता से होगी और नेताओं व सामाजिक हस्तियों को जनता के वास्तविक मुद्दों पर बात करनी चाहिए।
What's Your Reaction?