CM Yogi on Bulldozer Brand: 'बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड', जेवर में 1200 करोड़ के ट्रैक्टर प्लांट के उद्घाटन पर बोले सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ ने यीडा क्षेत्र में 1200 करोड़ के सीएनएच ट्रैक्टर प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड है और जेवर निवेश का हब बन चुका है।

By INA News Desk
Nov 12, 2026 - 22:18
14 Views
CM Yogi on Bulldozer Brand: 'बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड', जेवर में 1200 करोड़ के ट्रैक्टर प्लांट के उद्घाटन पर बोले सीएम योगी
Advertisement
Advertisement

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास की यात्रा में एक और बड़ा अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में स्थापित होने वाले सीएनएच (CNH) इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का उद्घाटन किया। 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से बनने वाले इस संयंत्र से राज्य में हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा और कृषि यंत्रीकरण को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में अब माफिया राज की जगह कानून का शासन स्थापित हो चुका है। अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और बुलडोजर की कार्रवाई ने राज्य को निवेश का पसंदीदा केंद्र बना दिया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बुलडोजर अब उत्तर प्रदेश का ब्रांड बन चुका है और यदि कंपनियां यहां बुलडोजर व ट्रैक्टर का निर्माण करेंगी, तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ जाएगी।

जेवर क्षेत्र के कायाकल्प का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने वहां के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जो इलाका कभी गोलियों की गूंज और अपराध के लिए जाना जाता था, वही जेवर आज नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास के साथ भारत का 'गहना' और निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है। इस क्षेत्र में अब सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी कई बड़ी परियोजनाएं तेजी से आकार ले रही हैं।

प्रदेश की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान पलायन और पिछड़ेपन से होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह राज्य अब 'उपद्रव से उत्सव प्रदेश' बन गया है। कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाने वाला यूपी आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

आंकड़ों के जरिए विकास की रफ्तार साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं और आगामी समिट में 7.50 लाख करोड़ रुपये के अन्य प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है। राज्य में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है, जबकि स्टार्टअप 120 से बढ़कर 25 हजार तक पहुंच गए हैं।

100 एकड़ में फैलने वाले सीएनएच के इस प्लांट के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि देश के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 18.5 प्रतिशत है, ऐसे में यह निवेश स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ी ताकत देगा। इसके साथ ही टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी दिग्गज कंपनियों के सहयोग से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर 'इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स' तैयार किया जा रहा है। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

यह भी पढ़ें : Crime News Hardoi: विवाहिता की आत्महत्या के मामले में पति गिरफ्तार, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने का आरोप

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement