गांधी जयंती पर जीपीओ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी: बापू की प्रतिमा पर किया पुष्पार्चन, अहिंसा दिवस की दी शुभकामनाएं
लखनऊ के जीपीओ में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्कूली बच्चों के भजन सुने और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस की बधाई दी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क पहुंचकर बापू की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने पुष्प अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के महानायक के आदर्शों, त्याग और सिद्धांतों को नमन किया। इस अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं ने 'रघुपति राघव राजा राम', 'वह शक्ति हमें दो दयानिधे' तथा 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' जैसे प्रेरणादायी भजनों और देशभक्ति गीतों की मनमोहक संगीतमयी प्रस्तुतियां दीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत भजनों का श्रवण किया और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने बापू की जयंती के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को 'अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस' की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूरे विश्व को स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा का संदेश देने वाले राष्ट्रपिता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। बापू के आदर्श, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा नए भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वे बापू के दिखाए मार्ग पर चलकर शांति, सौहार्द और स्वावलंबन के संकल्प को सुदृढ़ करें।
जीपीओ परिसर में आयोजित इस पुष्पांजलि कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, राज्यसभा सांसद ब्रजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य डॉक्टर महेंद्र सिंह, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, विधायक डॉक्टर नीरज बोरा, राजेश्वर सिंह, जय देवी, अमरेश कुमार, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने बापू के बताए सद्भाव और स्वदेशी के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।
What's Your Reaction?