गांधी और शास्त्री जयंती पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दी शुभकामनाएं, महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने का किया आह्वान
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर बधाई दी। सत्य, अहिंसा और आत्मनिर्भरता के संकल्प को दोहराया।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता से दोनों महान विभूतियों के दिखाए सत्य, सेवा और राष्ट्र निर्माण के पथ पर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया है।
दोनों महापुरुषों की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह अवसर देश के इन दोनों महान सपूतों के अमूल्य योगदान और राष्ट्र सेवा को श्रद्धापूर्वक याद करने का है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के विचार को राष्ट्रीय आंदोलन की सबसे बड़ी शक्ति बनाया और भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। बापू का जीवन संघर्ष और उनके सिद्धांत संपूर्ण मानवता के लिए एक मार्गदर्शक दर्शन हैं। उनकी जयंती उनके महान विचारों, त्याग और असाधारण व्यक्तित्व के प्रति नतमस्तक होने का दिन है।
पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को स्मरण करते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि देश को गंभीर खाद्य संकट से उबारने और स्वाभिमान जगाने के लिए उन्होंने 'जय जवान, जय किसान' का अमर नारा दिया था। खाद्यान्न उत्पादन के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने का जो मजबूत आधार उन्होंने तैयार किया, उसके लिए कृतज्ञ राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। पर्यटन मंत्री ने राष्ट्र के विकास और संप्रभुता में ऐतिहासिक भूमिका निभाने वाले दोनों महापुरुषों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
What's Your Reaction?