अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस: लखनऊ में 100 वर्ष पार 3 वरिष्ठजनों को 'शतायु सम्मान', 4 विभूतियों को मिला सीनियर अचीवर्स अवार्ड
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर लखनऊ में समाज कल्याण विभाग ने 100 वर्ष पार तीन वरिष्ठ नागरिकों को 'शतायु सम्मान' और चार विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया।
वरिष्ठ नागरिकों के जीवन मूल्यों, अनुभवों और समाज निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का आदर करने के लिए अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर राजधानी लखनऊ में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में समाज कल्याण विभाग, हेल्पेज इंडिया और वरिष्ठ नागरिक महासमिति के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में सौ वर्ष की गौरवमयी आयु पूर्ण कर चुके तीन वरिष्ठजनों को 'शतायु सम्मान' से नवाजा गया। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सामाजिक योगदान दे रहीं चार विशिष्ट विभूतियों को 'सीनियर अचीवर्स सम्मान' भेंट किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने शताब्दी आयु पूरी कर चुकीं लल्ली देवी, रानी कपूर और सेवानिवृत्त न्यायाधीश कमलेश्वर नाथ को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर शतायु सम्मान प्रदान किया। वहीं समाज को नई दिशा देने वाले विनोद कुमार शुक्ल, ललित सिंह पोखरिया, जाने-माने इतिहासकार व लेखक डॉक्टर रवि भट्ट तथा डॉक्टर किशन वीर सिंह शाक्य को सीनियर अचीवर्स सम्मान से अलंकृत किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और आशीष से ही समाज सशक्त और सुसंस्कृत बनता है। बुजुर्ग हमारी समृद्ध परंपरा, जीवन मूल्यों और संस्कारों की अमूल्य थाती हैं।

उनका आदर-सत्कार हमारी दिनचर्या और जीवनशैली का अभिन्न अंग होना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार बुजुर्गों की स्वास्थ्य सुरक्षा, गरिमा और सामाजिक संरक्षण के लिए पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। आने वाले समय में बुजुर्गों की बेहतर देखभाल के लिए केयर इकोनॉमी को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ा जा रहा है, जिससे प्रशिक्षित सहायकों की उपलब्धता सुलभ हो सके।

राज्य मंत्री ने रेखांकित किया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भरण-पोषण अधिकरण क्रियाशील हैं, जो माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण कानून के तहत उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।

इसके अलावा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के जरिए निरंतर आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। समारोह में विभागीय वृद्धाश्रमों पर आधारित एक वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया और स्कूली छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माता-पिता की सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में समाज कल्याण निदेशक संजीव सिंह, हेल्पेज इंडिया के राज्य प्रमुख अनूप पंत, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, संयुक्त निदेशक आर पी सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनामिका सिंह और महासमिति अध्यक्ष श्याम पाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?