यूपी में गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाएं: अब मिलेगा 125 दिन का काम, वीबी-जी राम जी योजना का होगा प्रचार

उत्तर प्रदेश की ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना का प्रचार होगा। ग्रामीणों को 100 की जगह 125 दिन के रोजगार की गारंटी और 375 स्वीकृत कार्यों का विकल्प मिलेगा।

By INA News Desk
Oct 1, 2026 - 21:56
4 Views
यूपी में गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभाएं: अब मिलेगा 125 दिन का काम, वीबी-जी राम जी योजना का होगा प्रचार
प्रतीकात्मक चित्र

उत्तर प्रदेश की ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, सक्षम और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से गांधी जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग को निर्देशित किया है कि इन विशेष बैठकों के माध्यम से केंद्र सरकार की नई वीबी-जी राम जी योजना का सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। ग्राम स्तर पर पंचायत सचिव चौपाल लगाकर ग्रामीणों को योजना के महत्वपूर्ण नियमों और प्रावधानों से विस्तार से अवगत कराएंगे, जिससे प्रत्येक पात्र परिवार को इसका सीधा लाभ मिल सके।

उप मुख्यमंत्री ने आह्वान किया है कि विकसित पंचायत से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। इस नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार गारंटी की सीमा को 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन प्रतिवर्ष कर दिया गया है। इसके अलावा काम मांगने के 15 दिनों के भीतर काम उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता दिए जाने का कड़ा नियम बनाया गया है। श्रमिकों के पारिश्रमिक का भुगतान आमतौर पर एक सप्ताह और अधिकतम 15 दिनों के भीतर करने की व्यवस्था की गई है। यदि तय समय में भुगतान नहीं होता है, तो संबंधित कामगार विलंब क्षतिपूर्ति पाने के पात्र होंगे।

गांव की वास्तविक जरूरतों के आधार पर टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए अब 375 प्रकार के कार्यों को मंजूरी दी गई है। गांव में किस कार्य को पहले पूरा किया जाना है और उसका निर्माण कहां होगा, इसका फैसला ग्रामीण स्वयं मिलकर 'विकसित ग्राम पंचायत प्लान' के माध्यम से तय करेंगे। पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सोशल ऑडिट का सख्त तंत्र लागू रहेगा, जिसमें ग्राम सभा की केंद्रीय भूमिका होगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य, जनपद और ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। राज्य स्तर पर संयुक्त आयुक्त डी एन पाण्डेय, जनपद स्तर पर उपायुक्त श्रम रोजगार और विकास खंड स्तर पर खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग प्रमोद कुमार उपाध्याय ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को कार्ययोजना का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे गांव के हर नागरिक तक इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी पहुंच सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow