हरदोई में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित, ग्रामीण विकास और रोजगार योजनाओं पर हुई चर्चा

हरदोई के विकास भवन में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती और अधिकारियों ने ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी दी।

Aug 10, 2026 - 22:34
8 Views
हरदोई में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित, ग्रामीण विकास और रोजगार योजनाओं पर हुई चर्चा

विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम रोजगार, खंड विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, ग्राम रोजगार सेवक तथा ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों सहित पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि प्रेमावती ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम-2025 की संकल्पना और इसके दूरगामी उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं मुख्य विकास अधिकारी ने इस अधिनियम के तहत पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका और उनके प्रशासनिक दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उपायुक्त श्रम रोजगार ने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के निर्माण, उनकी स्वीकृति प्रक्रिया, परिवारों के पंजीकरण और रोजगार गारंटी से जुड़े मुख्य बिंदुओं को साझा किया।

अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, ग्रामीण आजीविका और आपदा प्रबंधन जैसी चार प्रमुख श्रेणियों में 318 कार्यों को चिह्नित किया गया है।

सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों को बताया गया कि अधिनियम के तहत श्रमिकों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों का कार्य दिया जाएगा। साथ ही कृषि कार्य की अधिकता के दौरान श्रमिकों के लिए 60 दिनों के अवकाश की व्यवस्था रखी गई है। योजना में टिकाऊ विकास, महिला एवं स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, युवाओं की सक्रियता तथा कौशल विकास पर विशेष बल दिया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ए.आई., युक्तधारा और पी.एम. गतिशक्ति जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।

Also Click : हरदोई में CDO का एक्शन: NRC में मिली खामियां, प्रभारी और 13 CDPO को नोटिस के निर्देश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow