Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने विधि-विधान से की गोवर्धन पूजा, गायों को खिलाया गुड़-केला; बोले- हर हाल में करनी है गोवंश की रक्षा

दीपावली के पंच दिवसीय महापर्व की श्रृंखला के महत्वपूर्ण पर्व गोवर्धन पूजा के पावन उपलक्ष्य में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं

By INA News Desk
Nov 9, 2026 - 19:02
8 Views
Gorakhpur News: गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने विधि-विधान से की गोवर्धन पूजा, गायों को खिलाया गुड़-केला; बोले- हर हाल में करनी है गोवंश की रक्षा
Advertisement
Advertisement
  • गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की गोवर्धन पूजा
  • वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गो पूजन के बाद सीएम ने गायों-गोवंश को खिलाया गुड़-केला
  • प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं सीएम योगी ने, कहा- हर हाल में करनी है गाय की रक्षा

गोरखपुर। दीपावली के पंच दिवसीय महापर्व की श्रृंखला के महत्वपूर्ण पर्व गोवर्धन पूजा के पावन उपलक्ष्य में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार प्रातः गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि विधान से गोवर्धन पूजा की। गोपूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गोसेवा की और प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें हर हाल में गाय की रक्षा करनी है। साथ ही उसकी नस्ल सुधार की दिशा में भी आगे बढ़ते हुए हर पशुपालक को समृद्धि के पथ पर अग्रसर करना है।

दीपावली के दिन रविवार से गोरखपुर प्रवास कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोवर्धन पूजा की। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन की प्रक्रिया पूर्ण की। गायों और गोवंश को माला पहनाई, तिलक लगाया और गोमाता का आशीर्वाद लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। गो पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने गायों और गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और केला खिलाया। इस दौरान वह कई गायों और गोवंश को उनका नाम लेकर पुकारते रहे और उनके पास जाकर उन्हें खूब दुलार भी किया। 

  • गोसंरक्षण के लिए अभिनव कार्यक्रम चला रही सरकार : सीएम योगी

गोवर्धन पूजा के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेशवासियों और सभी गोपालकों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गो महत्ता को प्रतिष्ठित करने वाली परंपरा का निर्वहन करने के लिए उत्तर प्रदेश में सरकार 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक अभिनव कार्यक्रम चला रही है। इन गोशालाओं में 16 लाख से अधिक निराश्रित गोवंश रह रहे हैं।  

  • गाय के साथ उसे पालने के लिए आर्थिक सहायता भी दे रही सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोसंरक्षण और गोसंवर्धन के लिए राज्य सरकार की वर्तमान में तीन प्रकार की योजनाएं चल रही हैं। पहली, निराश्रित गोआश्रय स्थल, जो सरकार द्वारा संचालित है। दूसरी, सहभागिता स्कीम। इसके अंतर्गत कोई भी किसान अगर निराश्रित गोआश्रय स्थल से गाय ले जाकर उनका देखभाल करता है तो सरकार प्रति गाय लालन पालन के लिए प्रतिमाह 1,500 उपलब्ध कराती है। इसमें एक किसान को चार गाय तक की अनुमति है। यानी एक किसान इस स्कीम से हर माह 6,000 रुपये अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकता है। इसी क्रम में कुपोषित परिवार को भी दूध पीने के लिए निराश्रित गोआश्रय स्थल से एक-एक ब्याई हुई गाय दी जाती है। इस तीसरी योजना में प्रति गाय के लिए परिवार को हर माह 1,500 रुपये भी दिए जाते हैं। इन योजनाओं का बड़े पैमाने पर किसानों और कुपोषित परिवारों ने लाभ लिया है।  

  • सरकार का एक ही ध्येय, गाय सड़कों पर न हो

सीएम योगी ने कहा कि तीसरी स्कीम को राज्य सरकार ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में स्वयं ही संचालित करती है। ग्रामीण क्षेत्रों में गो आश्रयस्थल की व्यवस्था पशुपालन विभाग संचालित करता है जबकि नगरीय क्षेत्र में कान्हा उपवन के रूप में नगर विकास विभाग संचालित करता है। उन्होंने कहा कि गोसंरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार का एक ही ध्येय है कि गाय सड़कों पर न हो। किसानों की उपज को नुकसान न पहुंचाए, बल्कि सुरक्षित स्थान पर और सम्मानजनक ढंग से गाय की देखभाल हो सके। सीएम ने बताया कि निराश्रित गोआश्रय स्थल इसी उद्देश्य से प्रारंभ किए गए थे और आज उन्हें सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

  • कृषि और ऋषि प्रधान भारत की आत्मा है गाय

सीएम योगी ने कहा कि भारत जैसे कृषि और ऋषि प्रधान देश में गाय इसकी आत्मा है। भारत की धार्मिक और कृषि प्रधान परंपरा में गाय व गोवंश के महत्व को सदैव प्राथमिकता दी गई है। उसी परंपरा का निर्वहन दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के रूप में होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय पशु के रूप में एक अत्यंत महत्वपूर्ण उपहार है। वह अपने आप में समृद्धि का एक खजाना है।  धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष, इन चारों पुरुषार्थों का सबसे महत्वपूर्ण साधन गोसेवा ही है। सीएम योगी ने कहा कि जिस भी परंपरा में गाय और  गोवंश के संरक्षण, संवर्धन के लिए ईमानदारीपूर्वक प्रयास होंगे, वहां पर सुख-समृद्धि अपने आप ही आती हुई दिखाई देगी।

  • गो ग्रास निकालने की भारतीय परंपरा का करें अनुसरण

गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से गोसेवा की भारतीय परंपरा का अनुसरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में पहला ग्रास गाय और अंतिम ग्रास श्वान का होता है। अगर हर परिवार अपनी परंपरा का निर्वहन करते हुए गाय के हिस्से का और श्वान के हिस्से का भी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था करे तो यह बड़ा सेवा कार्य होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नागरिक गाय नहीं पाल सकते वे धर्मार्थ कार्य की दृष्टि से संचालित गोशाला में सहयोग कर गोसेवा का कार्य कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गोसेवा से गोसेवक के घर में सुख और समृद्धि आएगी।

Also Click : Lucknow : पहले ठप थी भर्ती, योगी सरकार ने 33 हजार से अधिक माध्यमिक शिक्षकों को किया नियुक्त

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement