Lucknow: भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में मोंटाना, अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल का सांस्कृतिक भ्रमण। 

Lucknow News: भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ में आज मोंटाना, संयुक्त राज्य अमेरिका से आए 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल....

By INA News Desk
Jul 5, 2025 - 20:12
43 Views
Lucknow: भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय में मोंटाना, अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल का सांस्कृतिक भ्रमण। 
अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल का सांस्कृतिक भ्रमण

Lucknow News: भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ में आज मोंटाना, संयुक्त राज्य अमेरिका से आए 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने परिसर का औपचारिक सांस्कृतिक भ्रमण किया। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, शास्त्रीय संगीत की परंपरा और नृत्य व वादन की विधाओं का जीवंत अनुभव उन्होंने प्राप्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, प्रायोगिक कक्षाओं एवं प्रस्तुति स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों एवं आचार्यों द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य की विविध रचनाओं को देखा, जिनमें ख्याल, ठुमरी, कत्थक, और विभिन्न वाद्ययंत्रों की संगीतमय प्रस्तुतियाँ शामिल थीं। विदेशी अतिथियों ने इन कलाओं में निहित भाव, रागों की सूक्ष्मता एवं नृत्य की मुद्राओं को अत्यंत सराहनीय एवं गूढ़ बताया।

इस शिष्टाचार मुलाक़ात एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं प्रदर्शन कलाओं की समृद्ध परंपरा से अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को परिचित कराना तथा भारत-अमेरिका के बीच सांस्कृतिक संवाद को प्रोत्साहन देना था।

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत विश्वविद्यालय की प्रोफेसर सृष्टि माथुर, परीक्षा नियंत्रक डॉ. रुचि खरे एवं ज्ञानेन्द्र दत्त बाजपेई द्वारा किया गया। इन वरिष्ठ अधिकारियों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक संरचना, पाठ्यक्रम की विशिष्टताओं एवं प्रदर्शनकारी कलाओं की बारीकियों को विस्तार से समझाया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक इमारतों, संग्रहालय एवं अभिलेखागार को देखकर भी गहरा भावात्मक जुड़ाव अनुभव किया। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों की प्रतिभा और गुरुओं की प्रतिबद्धता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Also Read- ‘द लास्ट लेटर’: ब्रिटिश लिंगुआ में छात्रों ने मंचित किया हास्य से भरपूर सामाजिक नाटक।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow