देहरादून एक्सप्रेस का देवबंद में फिर से ठहराव शुरू करने की उठी मांग, रेल मंत्री को भेजा पत्र
कोरोना काल में बंद हुए देहरादून एक्सप्रेस के देवबंद स्टेशन पर ठहराव को दोबारा शुरू करने के लिए रेल मंत्री और दूरसंचार मंत्री को पत्र भेजकर मांग की गई है।
कोरोना महामारी के दौरान बंद किए गए देहरादून एक्सप्रेस के देवबंद स्टेशन पर ठहराव को एक बार फिर बहाल करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। दूरसंचार सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य अमित कुमार तायल ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखकर जनहित में इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव को फिर से शुरू करने का अनुरोध किया है।
पत्र के माध्यम से ध्यान दिलाया गया कि देवबंद ऐतिहासिक और धार्मिक दोनों ही दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। इस रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी तादाद में दैनिक यात्री, कारोबारी, नौकरीपेशा लोग और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं यात्रा करते हैं। महामारी के संकट के समय रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संख्या 19019/19020 देहरादून एक्सप्रेस का देवबंद स्टेशन पर नियमित ठहराव अस्थायी रूप से रोक दिया था, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद भी इसे दोबारा शुरू नहीं किया गया।
इस ठहराव के बंद रहने से स्थानीय व्यापारियों, छात्र वर्ग और आम यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें लंबी दूरी तय करके अन्य स्टेशनों पर जाना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों की सुविधा और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन के ठहराव को शीघ्र बहाल करने का आग्रह किया गया है, ताकि रेल यात्रियों को सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
What's Your Reaction?