Deoband Nagar Kirtan News: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देवबंद में निकला विशाल नगर कीर्तन, पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर रविवार को देवबंद में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सभा द्वारा पंच प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। संगत ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
देवबंद: सिख धर्म के प्रथम गुरु, साहिब श्री गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को देवबंद नगर में अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और 'बोले सो निहाल, सत श्री अकाल' के गगनभेदी जयकारों के साथ नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया, जिससे समूचा नगर भक्तिमय हो उठा।
गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सभा के तत्वावधान में आयोजित इस नगर कीर्तन की अगुवाई पारंपरिक वेशभूषा में सजे 'पंच प्यारों' ने की। शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ों पर सवार बच्चे चल रहे थे, जिनके पीछे मधुर धुनों के साथ बैंड और डीजे की टोली चल रही थी। फूलों से सजी गुरु महाराज की सुंदर पालकी को श्रद्धालु संगत अपने कंधों पर उठाकर चल रही थी। पालकी साहिब के आगे-आगे पंच प्यारे चल रहे थे, जबकि उनसे आगे सेवादार संगत झाड़ू लगाकर मार्ग की सफाई करती हुई बढ़ रही थी। वहीं, पालकी के पीछे चल रही कीर्तन मंडली शबद-कीर्तन गायन कर वातावरण को आध्यात्मिक बना रही थी।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, रेलवे रोड, इंडस्ट्रियल एस्टेट, लाजपत नगर कॉलोनी, ब्रह्मपुरी कॉलोनी, अशोक विहार कॉलोनी और कैलाशपुरम कॉलोनी सहित विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा मार्ग में अनेक स्थानों पर स्टॉल लगाकर प्रसाद और जलपान का वितरण किया गया। इस पावन अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह के अंत में भाई धर्म सिंह और अमनदीप सिंह ने सरबत के भले के लिए अरदास की। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सेठ कुलदीप कुमार, गुरजोत सिंह सेठी, चंद्रदीप सिंह, श्याम लाल भारती, सतीश गिरधर, हेमंत गिरधर, सचिन छाबड़ा, मोहित मल्होत्रा, देवेंद्रपाल सिंह और युवराज अरोड़ा ने सभी सहयोगियों और संगत का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बाबा अजीत सिंह, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हनप्रीत सिंह बेदी, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, पैरा वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष राघव दास अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष विपिन गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष अरुण गुप्ता, मनोज सिंघल, राजेश अनेजा, ईश्वर उपाध्याय, गुरविंदर सिंह छाबड़ा और परमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

