हरदोई में संपूर्ण समाधान दिवस पर अनुपस्थित अधिकारियों पर गिरी गाज, डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण

हरदोई के शाहाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अनुपस्थित और देर से आने वाले अधिकारियों से डीएम राहुल पाण्डेय ने जवाब तलब किया। समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश।

By INA News Desk
Oct 3, 2026 - 20:15
3 Views
हरदोई में संपूर्ण समाधान दिवस पर अनुपस्थित अधिकारियों पर गिरी गाज, डीएम ने मांगा स्पष्टीकरण

हरदोई की तहसील शाहाबाद में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों की गैरहाजिरी और देरी से पहुंचने के मामले को जिलाधिकारी ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तथा आबकारी निरीक्षक शाहाबाद समेत अन्य अनुपस्थित व देर से आने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश जारी किए।

समाधान दिवस में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने संयुक्त रूप से दूर-दराज से पहुंचे आम नागरिकों की फरियाद सुनी। अधिकारियों ने प्रत्येक मामले के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने की ताकीद की। जिलाधिकारी ने दो-टूक कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जमीन से जुड़े विवादों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाने का निर्देश दिया, ताकि दोनों पक्षों को आमने-सामने सुनकर निष्पक्ष हल निकाला जा सके। जिन मामलों का निस्तारण मौके पर ही संभव हो, उन्हें तत्काल वहीं सुलझाने के निर्देश दिए गए।

वहीं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुलिस महकमे से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ मानवीय और संवेदनशील रवैया अपनाया जाए। उन्होंने शिकायतों की पारदर्शी जांच कर त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी जेबी शैडें, उप जिलाधिकारी शाहाबाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार समेत तमाम जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow