हरदोई में खबर से बौखलाए दबंगों ने शिक्षक पर बोला जानलेवा हमला, कनपटी पर तमंचा तानकर लूटे 25 हजार
हरदोई के टड़ियावां में खबर की रंजिश में शिक्षक पर जानलेवा हमला। दबंगों ने तमंचा सटाकर 25 हजार और मोबाइल छीना। गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर।
हरदोई के टड़ियावां क्षेत्र में एक शिक्षक के ऊपर जानलेवा हमला किए जाने और नकदी समेत मोबाइल फोन लूटने की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित शिक्षक ने एक समाचार के प्रसारण से उपजी रंजिश को हमले की वजह बताया है। आरोपियों ने रास्ते में घेरकर लोहे की रॉड और तमंचे की बट से शिक्षक पर वार किए और जान से मारने की सीधी धमकी दी। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
ग्राम सिकरहना सिकरोहरी निवासी पीड़ित पंकज राठौर टड़ियावां इलाके के अटवा कटैया स्थित एक विद्यालय में शिक्षण कार्य करते हैं। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने अटवा कटैया क्षेत्र में बने एक कच्चे मकान से जुड़ा मामला मीडिया में उठवाया था। इस बात को लेकर अटवा के प्रधान प्रतिनिधि माया प्रकाश उनसे खार खाए बैठे थे और लगातार रंजिश मान रहे थे।
विद्यालय से छुट्टी के बाद जब पीड़ित घर लौट रहे थे, तभी सोहासा पुलिया और बुंदेला के मध्य माया प्रकाश, उनके भाई फूलचंद्र वर्मा और करीब सात अन्य लोगों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने जेब में रखे 25 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर तमंचा सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और तमंचे की बट व लोहे की रॉड से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन घायल शिक्षक को फौरन नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर स्थिति के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित शिक्षक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में रिपोर्ट दर्ज करने, लूटी गई रकम व फोन वापस दिलाने तथा परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
What's Your Reaction?