हाथरस में सात कुंतल लड्डुओं से सजा विघ्नहर्ता का दरबार, 3.5 कुंतल के महामोदक ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

हाथरस के चमत्कारी गणेश मंदिर में 24वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ हुआ। भगवान गणेश का 7 कुंतल लड्डुओं से अलौकिक श्रृंगार हुआ और 3.5 कुंतल का महामोदक अर्पित किया गया।

By INA News Desk
Sep 15, 2026 - 21:49
6 Views
हाथरस में सात कुंतल लड्डुओं से सजा विघ्नहर्ता का दरबार, 3.5 कुंतल के महामोदक ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

हाथरस। नगर के होली वाली गली स्थित सुप्रसिद्ध चमत्कारी गणेश मंदिर में गणेश सेवा मित्र मंडल के दो दिवसीय 24वें वार्षिक स्थापना महोत्सव का भक्तिमय और भव्य वातावरण में शुभारंभ हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के प्रथम चरण में प्रातः काल देवाधिदेव गणेश जी का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पंचामृत महाभिषेक संपन्न कराया गया। इसके उपरांत सांध्य काल में सात कुंतल लड्डुओं से भगवान गणेश का अत्यंत नयनाभिराम और अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिसे निहारने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे। इस अलौकिक झांकी में स्थापित साढ़े तीन कुंतल का विशाल महामोदक श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा।

महोत्सव का शुभारंभ समाजसेवी रवि चौहान द्वारा पूजा-अर्चना और मुख्य आरती संपन्न करने के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जलेसर नगर पालिका की अध्यक्ष गौरी वर्मा ने 108 दीपों की भव्य ज्योति से भगवान की मंगल आरती उतारी। डमरू वादन की गूंज के बीच 108 दीपों के विशेष अनुष्ठान और पांच अलग-अलग थालों में सजे 21-21 दीपों से सामूहिक महाआरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया। इस पावन अवसर पर मंदिर भवन एवं संपूर्ण गली क्षेत्र को आकर्षक विद्युत झालरों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया।

समारोह के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक रूप से अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। महोत्सव के आगामी क्रम में मंदिर में भव्य फूलबंगला सजाया जाएगा और विधिवत महाआरती के साथ विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें भक्तों को प्रसादी वितरित की जाएगी। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में आशीष सेंगर, मनीष कूलवाल, संजू भगत, श्याम वर्मा, प्रशांत वर्मा, रवि वर्मा, कपिल अग्रवाल, राहुल मटरूमल, लोकेश वर्मा और लखन गुप्ता सहित संस्था से जुड़े अन्य कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में सक्रिय रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow