हाथरस में ऐतिहासिक दाऊजी महाराज लक्खी मेले का आगाज, मंदिर शिखर पर ध्वजारोहण के साथ गूंजे जयकारे
हाथरस के 115वें ऐतिहासिक राजकीय लक्खी मेला दाऊजी महाराज का गणेश चतुर्थी पर ध्वजारोहण के साथ शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विधिवत पूजा-अर्चना की।
हाथरस। ब्रज क्षेत्र की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर के प्रतीक ऐतिहासिक राजकीय 115वें लक्खी मेला दाऊजी महाराज महोत्सव का गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शुभारंभ हो गया। मंदिर दाऊजी महाराज परिसर में जिलाधिकारी एवं मेला रिसीवर अतुल वत्स ने वैदिक विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की। उन्होंने विघ्नहर्ता गणेश जी को मोदक का भोग अर्पित कर मंगल आरती उतारी। इसके उपरांत परंपरागत ध्वजा पूजन, मंदिर की भव्य परिक्रमा और देवालय के मुख्य शिखर पर विधि-विधान से ध्वजारोहण किया गया। शिखर पर ध्वजा फहराते ही समूचा मेला परिसर श्रद्धालुओं के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा और चारों ओर उल्लास का वातावरण छा गया। इस विराट लक्खी मेले का औपचारिक एवं वृहद स्तर पर उद्घाटन देवछठ के पावन पर्व पर संपन्न होगा।
समारोह के दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने दाऊजी महाराज एवं माता रेवती के विग्रहों के सम्मुख शीश नवाकर जनपद की सुख, शांति, समृद्धि तथा मेले के सकुशल व निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। उन्होंने मेला प्रांगण में स्थित वेद भगवान मंदिर में भी शीश नवाकर दर्शन-पूजन किया और जनपदवासियों को गणेश चतुर्थी पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूजन का यह अनुष्ठान आचार्य डॉ. गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी के सानिध्य में सेवायत पुजारी मधुसूदन चतुर्वेदी, संजीव चतुर्वेदी, राजीव चतुर्वेदी, वेदांत चतुर्वेदी और नमन चतुर्वेदी द्वारा वैदिक ऋचाओं के सस्वर पाठ के बीच संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता अतुल आंधीवाल ने किया। इस दौरान स्काउट और गाइड की छात्राओं ने अपने बैंड की मधुर धुनों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया, जिसके बाद रिसीवर कैंप में उपस्थित विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु माथुर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मेला सहायक शशिकांत गौतम, रवि शर्मा, बांके बिहारी, अशोक कुमार, मुकेश कुमार, डोली पहलवान, खारदार गुरु और पवन वशिष्ठ सहित भारी संख्या में श्रद्धालु, प्रबुद्ध नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर मेले के सुगम संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत व जलापूर्ति तथा आकर्षक सजावट से जुड़े सभी प्रबंधों को चाक-चौबंद कर दिया गया है।
What's Your Reaction?







