ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से बेफिक्र बर्क! फ्री कश्मीर नारे पर बर्क का दो टूक जवाब, जामिया में चुनाव से क्यों डर रही सरकार?

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन, जामिया छात्रसंघ चुनाव और फ्री कश्मीर नारों पर अपना रुख साफ करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।

By INA News Desk
Oct 25, 2026 - 13:00
69 Views
ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन से बेफिक्र बर्क! फ्री कश्मीर नारे पर बर्क का दो टूक जवाब, जामिया में चुनाव से क्यों डर रही सरकार?
जियाउर्रहमान बर्क, सपा सांसद सम्भल
Advertisement
Advertisement

Report : उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के संभावित गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि दूसरी पार्टियां किसके साथ गठबंधन करती हैं, इससे उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। समाजवादी पार्टी का पूरा ध्यान अपने चुनाव और INDIA गठबंधन को मजबूत करने पर है, ताकि भारतीय जनता पार्टी को केंद्र की सत्ता से हटाने के लिए मजबूती के साथ मुकाबला किया जा सके। सपा सांसद ने कहा कि चुनाव में सभी पार्टियां अपने-अपने हिसाब से मैदान में उतरेंगी, लेकिन उनकी प्राथमिकता INDIA गठबंधन के बीच बेहतर तालमेल और मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की है।

जामिया में छात्रसंघ चुनाव पर उठाए सवाल

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में जारी धरना-प्रदर्शन और छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर भी जियाउर्रहमान बर्क ने अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय में करीब 20 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। सांसद ने बताया कि उन्होंने छात्रों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर समर्थन दिया है और तीन दिन पहले कुलपति को पत्र लिखकर चुनाव कराने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि वह खुद जामिया जाकर छात्रों से मिलने का वादा कर चुके हैं। बर्क ने सवाल उठाया कि आखिर विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार छात्रसंघ चुनाव कराने से क्यों बच रहे हैं? उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति से ही युवा आगे बढ़कर देश में बड़े मुकाम हासिल करते हैं। छात्रों को अपनी आवाज उठाने और नेतृत्व विकसित करने का अवसर मिलना चाहिए।

शरजील इमाम पर बोले—बिना दोष साबित हुए लंबे समय तक जेल में क्यों?

शरजील इमाम के मामले पर सांसद ने कहा कि उन्होंने पहले भी संबंधित लोगों को जमानत दिए जाने की मांग की है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत देना न्यायालय का अधिकार है। उनके मुताबिक, जिन लोगों पर आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं, उन्हें लंबे समय तक जेल में रखने के सवाल पर विचार होना चाहिए।

‘फ्री कश्मीर’ के नारे पर किया स्पष्ट रुख

जामिया की दीवारों पर कथित तौर पर लिखे गए ‘फ्री कश्मीर’ के नारों पर बर्क ने स्पष्ट कहा कि कश्मीर भारत का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या छात्र ने ऐसा लिखा है, तो वह उसका बचाव नहीं करते। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति की हरकत के आधार पर पूरे मुस्लिम समाज पर सवाल उठाना उचित नहीं है। सांसद ने कहा कि मुसलमान भी देशभक्त हैं और देश की तरक्की के लिए हमेशा साथ खड़े रहते हैं। उनके बयान में एक तरफ INDIA गठबंधन को मजबूत करने का संदेश रहा, तो दूसरी तरफ जामिया में छात्रसंघ चुनाव कराने और देशभक्ति के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश भी दिखाई दी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement