सम्भल के तीर्थों के कायाकल्प का मंडलायुक्त ने लिया जायजा, 2.24 करोड़ के मनोकामना तीर्थ से 24 कोसी परिक्रमा तक विकास कार्यों की परखी रफ्तार

सम्भल के प्राचीन तीर्थों और 24 कोसी परिक्रमा मार्ग का मंडलायुक्त संगीता सिंह ने निरीक्षण किया। मनोकामना तीर्थ और स्टेडियम में विकास कार्यों की प्रगति जांची।

By INA News Desk
Oct 25, 2026 - 13:05
20 Views
सम्भल के तीर्थों के कायाकल्प का मंडलायुक्त ने लिया जायजा, 2.24 करोड़ के मनोकामना तीर्थ से 24 कोसी परिक्रमा तक विकास कार्यों की परखी रफ्तार
Advertisement
Advertisement

Report : उवैस दानिश, सम्भल

  1. मंडलायुक्त संगीता सिंह ने प्राचीन तीर्थों, महिष्मति नदी और पर्यटन परियोजनाओं का किया निरीक्षण, कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं से किया संवाद; हिन्द स्टेडियम और चमन सराय में विकास कार्यों का उद्घाटन

सम्भल के प्राचीन तीर्थों को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की कवायद के बीच मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जनपद का दौरा कर विकास परियोजनाओं की जमीनी हकीकत परखी। मनोकामना तीर्थ के सौन्दर्यीकरण से लेकर महिष्मति नदी के जीर्णोद्धार और 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग तक उन्होंने विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त के सम्भल पहुंचने पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

मनोकामना तीर्थ पर 2.24 करोड़ रुपये के कामों का निरीक्षण

मंडलायुक्त ने सम्भल के प्राचीन 68 तीर्थों और 19 महाकूपों में शामिल मनोकामना तीर्थ का निरीक्षण किया। यहां करीब 2.24 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है।

परियोजना में आधुनिक शौचालय, चेंजिंग रूम, स्वागत द्वार, प्राचीन कुंड का सौन्दर्यीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने निकट से गुजर रही महिष्मति नदी के जीर्णोद्धार और प्रस्तावित घाट के संबंध में भी जानकारी ली।

वंश गोपाल तीर्थ और 24 कोसी परिक्रमा पर फोकस

इसके बाद मंडलायुक्त ने श्री वंश गोपाल तीर्थ में दर्शन-पूजन किया और यज्ञ में प्रतिभाग किया। मंदिर परिसर में स्थित प्राचीन कदम्ब के वृक्ष की परिक्रमा भी की। यहां पर्यटन विभाग के अंतर्गत 450.09 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

साथ ही श्री वंश गोपाल तीर्थ से शुरू होने वाले 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग की प्रगति भी जानी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

छात्राओं से पूछा पढ़ाई और सुविधाओं का हाल

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, आवासीय नगरीय क्षेत्र सम्भल में मंडलायुक्त का छात्राओं ने बैंड के साथ स्वागत किया। उन्होंने फीता काटकर ओपन जिम का उद्घाटन किया और छात्रावास तथा कम्प्यूटर लैब का निरीक्षण किया।

कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई, भाषा, भोजन और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बातचीत की। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मंडलायुक्त ने छात्राओं को सकारात्मक सोच अपनाने, अपने कर्तव्यों को समझने और व्यवधानों से दूर रहकर पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अच्छे खानपान और जीवन में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

हिन्द स्टेडियम और चमन सराय में विकास कार्यों का उद्घाटन

दौरे के दौरान मंडलायुक्त ने हिन्द स्टेडियम में विनियमित क्षेत्र सम्भल के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों और पब्लिक लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। वहीं मुख्यमंत्री अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में चमन सराय में शेड और फुटपाथ निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उन्हें प्राचीन शिव मंदिर बेरनी से प्राप्त भगवान विष्णु की प्रतिमा की प्रतिकृति और सम्भल के 68 तीर्थों, 19 महाकूपों तथा 24 कोसीय परिक्रमा से संबंधित तस्वीर भेंट की। भ्रमण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यप्रिय सिंह, उपजिलाधिकारी सम्भल विकास चन्द्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement