Hardoi News: हरदोई में PET-2026 को लेकर DM-SP का एक्शन, परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर नकल रोकने के दिए सख्त निर्देश!
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को शांतिपूर्ण
हरदोई। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, शुचितापूर्ण एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने प्रथम दिवस की प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई, वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज, आर्य कन्या महाविद्यालय, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा आरआर इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मुस्तैदी और परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

- सीसीटीवी और कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम तथा सीसीटीवी कैमरों के संचालन की स्थिति का गहनता से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में लगे संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

- अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की निरंतर निगरानी करने तथा सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक निगरानी की जा रही है।
Also Read- सहारनपुर में सपा का वोट बनाओ अभियान: पार्षद फहद सलीम ने BLO से मिलकर भरवाए फॉर्म 6
What's Your Reaction?

