Deoband Illegal Construction: देवबंद में पालिका की जमीन पर अवैध निर्माण, कोर्ट में केस के बाद भी काम जारी

देवबंद के वार्ड 8 में नगर पालिका की जमीन पर अवैध निर्माण का मामला। कोर्ट में विचाराधीन केस और नोटिस के बावजूद काम जारी, एसडीएम ने जांच के दिए आदेश।

By INA News Desk
Oct 13, 2026 - 22:28
5 Views
Deoband Illegal Construction: देवबंद में पालिका की जमीन पर अवैध निर्माण, कोर्ट में केस के बाद भी काम जारी

सहारनपुर जिले के देवबंद नगर स्थित वार्ड संख्या 8 मोहल्ला शाहजीलाल में नगर पालिका की कीमती सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण कराने का मामला सामने आया है। ताज्जुब की बात यह है कि नीले गेट के पास मौजूद जिस भूखंड पर निर्माण कराया जा रहा है, उसका स्वामित्व विवाद वर्ष 2021 से सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद स्थल पर बेखौफ तरीके से निर्माण कार्य जारी रहने से पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार जिस स्थान पर निर्माण कराया जा रहा है, वहां अतीत में नगर पालिका की चुंगी चुंगी वसूली की चौकी हुआ करती थी। इस जमीन के मालिकाना हक को लेकर पालिका और एक स्थानीय व्यक्ति के बीच अदालत में मुकदमा चल रहा है। वार्ड सभासद औसाफ सिद्दीकी ने बताया कि मोहल्लेवासियों द्वारा सूचना मिलने पर उन्होंने तुरंत पालिका अफसरों को मामले से अवगत कराया था। पालिका की ओर से काम रोकने का नोटिस भी थमाया गया, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य रुकने के बजाय बदस्तूर जारी है। सभासद ने आरोप लगाया कि पालिका की कागजी कार्रवाई का मौके पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है।

अदालत में मामला लंबित होने के बावजूद जारी निर्माण कार्य को लेकर जब उपजिलाधिकारी विजय प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आ चुका है। एसडीएम ने आश्वस्त किया है कि राजस्व और पालिका टीम से पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और नियम कायदों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow