सम्भल के सदर बाजार में बड़ा हादसा! चश्मे की दुकान के बेसमेंट की दीवार गिरी, बाल-बाल बचे दुकानदार और ग्राहक

सम्भल के सदर बाजार में चश्मे की दुकान का बेसमेंट ढहने से अफरा-तफरी मची। दुकानदार और ग्राहक सुरक्षित बचाए गए। पुरानी इमारतों की सुरक्षा पर उठे सवाल।

By INA News Desk
Oct 13, 2026 - 22:07
3 Views
सम्भल के सदर बाजार में बड़ा हादसा! चश्मे की दुकान के बेसमेंट की दीवार गिरी, बाल-बाल बचे दुकानदार और ग्राहक

Report : उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल शहर के सदर बाजार में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चश्मे की एक दुकान के नीचे बने बेसमेंट की दीवार अचानक गिर गई। हादसे के समय दुकान में दुकानदार वीरेंद्र रस्तोगी और ग्राहक मोहम्मद कादिर मौजूद थे। गनीमत रही कि दोनों को तत्काल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सीओ सम्भल कुलदीप सिंह के मुताबिक, सदर बाजार में वीरेंद्र रस्तोगी की चश्मे की दुकान के नीचे बने बेसमेंट की दीवार गिर गई थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दुकानदार और ग्राहक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बेसमेंट की हालत बेहद खराब बताई जा रही है, जिसको देखते हुए उसके ऊपर बनी अन्य दुकानों को भी एहतियातन बंद करा दिया गया है। सीओ ने बताया कि दुकानें काफी पुरानी हैं और मामले से जुड़ा एक विवाद अदालत में लंबित होने की जानकारी भी सामने आई है। इसी वजह से मरम्मत नहीं हो पाने की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, बेसमेंट की मरम्मत और स्थिति सुरक्षित होने के बाद ही ऊपर बनी दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाएगी। अब सवाल यह है कि अगर बेसमेंट की हालत पहले से खराब थी, तो समय रहते मरम्मत क्यों नहीं हुई? गनीमत रही कि हादसे में दो लोगों की जान बच गई, लेकिन इस घटना ने बाजार की पुरानी इमारतों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow