सम्भल में क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट से परखी जा रही फसलों की उत्पादकता, बरसात से 8500 किसानों की फसल हुई थी प्रभावित, खातों में पहुंच रहा मुआवजा
सम्भल में फसलों की उपज मापने को क्रॉप कटिंग सर्वे जारी। बेमौसम बारिश से प्रभावित 8500 किसानों का ब्योरा दर्ज, खातों में पहुंचने लगी राहत राशि।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
किसानों की फसल और उसकी उत्पादकता का सटीक आकलन करने के लिए प्रशासन की ओर से क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट कराया जा रहा है। इसके जरिए खेतों में बोई गई फसल, उसके क्षेत्रफल और उत्पादन का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। एसडीएम सम्भल विकास चंद्र ने बताया कि यह प्रक्रिया हर साल की जाती है, जिससे सरकार को फसल उत्पादन का वास्तविक अनुमान मिल सके और उसी आधार पर किसान कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके।

एसडीएम के मुताबिक, क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट के तहत खेत में निर्धारित आकार का प्लॉट बनाकर फसल से जुड़ी जानकारी ऐप पर दर्ज की जाती है। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में कौन-सी फसल उगाई जा रही है और उसकी उत्पादकता कितनी है, इसका आकलन किया जाता है।

यह जानकारी फसल बीमा समेत सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं के लिए भी उपयोगी होती है। वहीं, बारिश से फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे पर एसडीएम ने बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि तहसील सम्भल में करीब 8,500 किसानों की फसल प्रभावित हुई थी।

प्रशासन की ओर से सर्वे कराने के बाद किसानों का विवरण फीड कर दिया गया है और कई किसानों के खातों में मुआवजे की रकम पहुंचनी भी शुरू हो गई है। प्रशासन का कहना है कि क्रॉप कटिंग से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर फसल उत्पादन का अनुमान लगाने और किसानों के हित में योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी। अब किसानों की निगाहें मुआवजे की शेष धनराशि खातों में पहुंचने पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?



