सीतापुर में सरायन नदी का बढ़ा जलस्तर: डीएम पहुंचे केशव ग्रीन सिटी, राहत कार्य तेज
सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने से केशव ग्रीन सिटी में पानी का खतरा। जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर राहत और सुरक्षित विस्थापन के निर्देश दिए।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर। लगातार हो रही बारिश और ऊपरी इलाकों से आने वाले पानी के चलते सरायन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे तटीय और निचले आवासीय इलाकों में जलभराव का खतरा गहरा गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शहर स्थित केशव ग्रीन सिटी कॉलोनी का स्थलीय निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की पड़ताल की।
जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना करते हुए जिलाधिकारी ने नदी के बहाव और कालोनियों में पानी के फैलाव का गहराई से आकलन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद स्थानीय निवासियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें प्रशासन की तरफ से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन घरों में पानी घुसने की आशंका है अथवा जो परिवार जलभराव से सीधे प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें अविलंब सुरक्षित आश्रय स्थलों पर स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही विस्थापित होने वाले लोगों के लिए पर्याप्त भोजन, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश और दवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासनिक टीम को हिदायत दी गई है कि तटीय इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत दल पूरी तरह मुस्तैद रहें। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और राहत व बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
What's Your Reaction?