सीतापुर डीएम ने किया सीएचसी रेउसा का औचक निरीक्षण, मरीजों का जाना हाल
सीतापुर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सीएचसी रेउसा का स्थलीय निरीक्षण किया। भारी बारिश के बीच भर्ती मरीजों की व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को परखा।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
रेउसा (सीतापुर)। जनपद में लगातार जारी तेज बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की जमीनी व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।
अस्पताल परिसर पहुंचे जिलाधिकारी ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधा संवाद किया। उन्होंने मरीजों से मिल रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों से आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का ब्योरा लिया और सख्त हिदायत दी कि सभी चिकित्सक नियमित रूप से अस्पताल में उपस्थित रहकर मरीजों की समयबद्ध चिकित्सा और उचित देखभाल सुनिश्चित करें।

मौसम की विकट परिस्थितियों और आवागमन में संभावित दिक्कतों को देखते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उनके परिजनों के लिए भोजन और स्वच्छ पेयजल की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। इसके अलावा संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए और जहां भी पानी जमा हो, वहां तुरंत जल निकासी के प्रभावी प्रबंध किए जाएं।
अस्पताल के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने रेउसा मुख्य चौराहे का भी दौरा किया। उन्होंने भारी बारिश से प्रभावित सड़कों, यातायात व्यवस्था और स्थानीय जल निकासी का स्थलीय मुआयना करते हुए उपस्थित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?