नैमिषारण्य में भारी बारिश के बाद बिजली संकट: रातभर जुटे रहे कर्मचारी, आपूर्ति बहाल
नैमिषारण्य में दो दिनों की भारी बारिश और आंधी के बाद बिजली व्यवस्था ठप हो गई। तकनीकी टीम ने रातभर फील्ड में डटकर आपूर्ति को बहाल किया।
Report : सुरेंद्र मोठी INA News संवाददाता नैमिषारण्य
नैमिषारण्य (सीतापुर)। क्षेत्र में दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और तेज आंधी के कारण नैमिषारण्य तीर्थ की विद्युत आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। जगह-जगह बिजली के खंभों और तारों पर पेड़ तथा टहनियां गिरने से आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ गई थी। इस विषम परिस्थिति में बिजली विभाग के तकनीकी कर्मियों ने लगातार बारिश के बीच मोर्चा संभाला और रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुचारू कर दिया।

खराब मौसम और लगातार हो रही बूंदाबांदी के बीच विभागीय कर्मचारियों ने फील्ड में उतरकर युद्धस्तर पर काम शुरू किया। बिजली की लाइनों पर गिरी डालियों को काटने और टूटे तारों को दुरुस्त करने का काम बिना रुके चलता रहा। लगातार प्रयासों का असर यह रहा कि शाम तक नैमिष तीर्थ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर ली गई, जिससे स्थानीय तीर्थवासियों को बड़ी राहत मिली।
कार्य के दौरान संवाद और समन्वय बनाए रखने के लिए बिजली विभाग से जुड़े रौनक तिवारी, निखिल तिवारी और मुनेंद्र यादव ने डिजिटल माध्यम का सहारा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ जुड़े सूचना समूह पर फॉल्ट, आपूर्ति और मरम्मत कार्य की स्थिति की पल-पल की जानकारी साझा की। इस निरंतर संवाद से लोगों को सही स्थिति का पता चलता रहा और जनता व विभाग के बीच बेहतर तालमेल बना रहा।
विद्युत आपूर्ति को त्वरित गति से चालू कराने में स्थानीय निवासियों ने भी कर्मियों का पूरा सहयोग किया। संकट के समय निष्ठा से काम करने पर प्रह्लाद दीक्षित, मुकुल दीक्षित, अभिषेक दीक्षित, अंजनी दीक्षित, शुभम दीक्षित और आकाश लाला सहित कई स्थानीय लोगों ने बिजली कर्मचारियों की लगन, मेहनत और समयबद्ध काम की सराहना की और उनका आभार प्रकट किया।
What's Your Reaction?