Deoband SP News: केंद्र सरकार पुलिस के बल पर दबा रही विपक्ष की आवाज, देवबंद में बोले पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान
देवबंद में सपा नेता हाजी फजलुर्रहमान ने केंद्र पर साधा निशाना। कहा- पुलिस-प्रशासन के बल पर युवाओं और विपक्षी दलों की आवाज दबा रही सरकार।
सहारनपुर जिले के देवबंद स्थित कासिमपुरा मार्ग पर आयोजित समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता हाजी फजलुर्रहमान ने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मुद्दों और मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मामलों पर संवैधानिक दायरे में विरोध जताने वाले विपक्षी नेताओं व युवाओं की आवाज को पुलिस-प्रशासन के बल पर दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री कारी राव साजिद के निवास स्थान पर आयोजित इस बैठक के दौरान पूर्व सांसद ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में युवा वर्ग और विपक्षी दल लोकतांत्रिक अधिकारों के तहत अपनी मांगें उठा रहे हैं, लेकिन सरकार बातचीत के रास्ते तलाशने के बजाय विपक्ष के नेताओं को नजरबंद करने और उन पर पाबंदियां लगाने की रणनीति अपना रही है।
हाजी फजलुर्रहमान ने सत्ताधारी दल पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का अधिकार हर नागरिक को प्राप्त है। यदि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है, तो उसे दमनकारी कदम उठाने के बजाय युवाओं की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए। इस दौरान कलीम कुरैशी, सोनू कुरैशी, इकबाल अंसारी, फिरोज गौड़, काशिफ सिद्दीकी, मजहर जब्बार, और जावेद खान समेत अनेक स्थानीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



