Crime News: हरदोई में कार्यक्रम के दौरान खूनी संघर्ष, एक की मौत; 4 आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल 4 डंडे बरामद
कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महुईपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले
हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महुईपुरी में एक कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार डंडे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 की रात डायल-112 पर ग्राम महुईपुरी में दो पक्षों के बीच मारपीट होने की सूचना मिली थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि एक कार्यक्रम के दौरान शेखरन उर्फ गुड्डू पुत्र मोतीलाल और दूसरे पक्ष के राजकिशोर पुत्र लल्लन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो मारपीट में बदल गई।
इस घटना में शेखरन उर्फ गुड्डू, रोहित पुत्र गुड्डू और ज्ञाना पत्नी गुड्डू घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय हरदोई ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शेखरन उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली देहात में मु0अ0सं0 565/26 के तहत धारा 3(5), 105, 115(2) एवं 352 बीएनएस में पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में राजकिशोर, सोमपाल और प्रेमपाल निवासी ग्राम महुईपुरी, थाना कोतवाली देहात, हरदोई तथा मुन्नालाल निवासी ग्राम मोहम्मदपुर, थाना राजेपुर, जनपद फर्रुखाबाद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार डंडे बरामद किए हैं। मामले में शेष नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?

