अब दरी नहीं बिछेगी! गठबंधन के बाद AIMIM जिलाध्यक्ष का बड़ा ऐलान, सपा-कांग्रेस को बताया आस्तीन का सांप
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन से सम्भल में सियासी हलचल तेज हो गई है। स्थानीय नेताओं ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन ने सियासी हलचल तेज कर दी है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने के बाद सम्भल में दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। गठबंधन को कमजोर, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की नई राजनीतिक ताकत बताते हुए नेताओं ने प्रदेश की सत्ता में बदलाव का दावा किया। वहीं समाजवादी पार्टी पर भी तीखे राजनीतिक हमले किए गए।

AIMIM के जिलाध्यक्ष असद अब्दुल्ला ने गठबंधन को दलितों, मजलूमों और कमजोर वर्गों की आवाज बताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के PDA पर निशाना साधते हुए उसे ठगबंधन करार दिया। असद अब्दुल्ला ने कहा कि यह गठबंधन किसी पार्टी को रोकने के लिए नहीं, बल्कि कमजोर और शोषित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए हुआ है।

उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर वर्षों तक मुस्लिम समाज का वोट लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब इन दलों को राजनीतिक जवाब दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई भाजपा से है और AIMIM कभी भाजपा के साथ नहीं जा सकती।

वहीं आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शहजाद खान ने गठबंधन को उत्तर प्रदेश में नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में चंद्रशेखर आजाद ने 25 जनसभाएं उन विधानसभा सीटों पर की हैं, जहां भाजपा के मौजूदा विधायक हैं।

शहजाद खान ने दावा किया कि प्रदेश में करीब 23 प्रतिशत मुस्लिम और 23 प्रतिशत दलित वोट मिलकर 46 प्रतिशत का आंकड़ा बनाते हैं। उनके मुताबिक दलित और मुस्लिम एकजुट हो जाएं तो भाजपा की सत्ता को चुनौती दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि 403 सीटों पर गठबंधन पूरी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी करेगा।

AIMIM नेता शकील अहमद ने भी गठबंधन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दोनों दलों के कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ेंगे। सम्भल विधानसभा सीट के टिकट को लेकर उन्होंने साफ कहा कि फैसला दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की सहमति से होगा। जिसे भी टिकट मिलेगा, सभी नेता और कार्यकर्ता तन-मन-धन से उसका चुनाव लड़ाएंगे। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दलित-मुस्लिम एकजुटता का दावा करने वाला यह गठबंधन 2027 में कितना सियासी असर दिखा पाएगा? क्या सम्भल समेत पश्चिमी यूपी में समाजवादी पार्टी के सामने नई चुनौती खड़ी होगी या फिर यह गठबंधन भाजपा के लिए भी मुश्किलें बढ़ाएगा? इसका जवाब आने वाले चुनावी समीकरण देंगे।
यह भी पढ़ें : Hardoi News: हरदोई में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 56 विभागों को मिला 25.07 लाख स्वगणना का लक्ष्य
What's Your Reaction?

