बीजेपी की B-Team कौन? मुसलमान सपा को समझ चुका है! AIMIM के शकील अहमद ने सपा पर दागे तीखे सवाल
2027 के चुनाव से पहले यूपी की सियासत गरमाई। AIMIM नेता शकील अहमद ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए सपा और बीजेपी की सांठगांठ का लगाया आरोप।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता शकील अहमद ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा पर भीतरखाने भारतीय जनता पार्टी के साथ सांठगांठ करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव अहंकार में डूबे हुए हैं और आगामी चुनाव में जनता उन्हें इसका जवाब दे देगी।
पार्टी को विपक्षी गठबंधन में शामिल नहीं किए जाने पर शकील अहमद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी नहीं चाहती कि AIMIM और अन्य दल मिलकर चुनावी मैदान में उतरें और भाजपा की सरकार को चुनौती दें। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में अब सपा का जनाधार कमजोर हो चुका है और मुस्लिम समाज भी उनकी राजनीतिक चालों को भली-भांति समझ चुका है।
एआईएमआईएम को अक्सर भाजपा की बी-टीम कहे जाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए शकील अहमद ने सवाल उठाया कि अगर उनकी पार्टी ऐसा है, तो उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के खिलाफ भाजपा शासनकाल में मुकदमे क्यों दर्ज किए गए। उन्होंने सपा के शीर्ष नेताओं पर कार्रवाई को लेकर भी कई सवाल खड़े किए।
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चाओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता अलग-अलग दावे कर रहे हैं और वे प्रदेश में अपनी खोई जमीन तलाशने में लगे हैं। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में भले ही उनकी पार्टी की सरकार अकेले दम पर न बने, लेकिन उनकी पार्टी के समर्थन के बिना राज्य में कोई भी सरकार नहीं बन सकेगी।
What's Your Reaction?