बांसडीह में राम गोविंद चौधरी को दी गई श्रद्धांजलि, नीरज सिंह गुड्डू ने की प्रतिमा और लाइब्रेरी स्थापना की घोषणा

बलिया के बांसडीह में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी को श्रद्धांजलि दी गई। शिष्य नीरज सिंह गुड्डू ने प्रतिमा और लाइब्रेरी बनाने की घोषणा की।

By INA News Desk
Oct 5, 2026 - 21:34
5 Views
बांसडीह में राम गोविंद चौधरी को दी गई श्रद्धांजलि, नीरज सिंह गुड्डू ने की प्रतिमा और लाइब्रेरी स्थापना की घोषणा

Report - Syed Asif Hussain Zaidi

बलिया के बांसडीह कस्बे में उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय राम गोविंद चौधरी को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उनके राजनीतिक शिष्य और वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता नीरज सिंह गुड्डू ने उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित करने तथा एक सार्वजनिक लाइब्रेरी बनवाने का बड़ा ऐलान किया।

राज पैलेस परिसर में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता शिवनारायण राय ने की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न दलों के नेता एक ही मंच पर नजर आए। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता राणा प्रताप सिंह ने कहा कि राम गोविंद चौधरी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक सशक्त विचार थे। एक साधारण परिवार से निकलकर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक का सफर तय करना उनके कड़े संघर्ष और सादगी का जीता-जागता उदाहरण है। उन्होंने याद किया कि पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने बलिया से दो अनमोल रत्न परखे थे, जिनमें एक गौरी भैया और दूसरे राम गोविंद चौधरी थे।

अपने गुरु को याद करते हुए नीरज सिंह गुड्डू भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वे अपने राजनीतिक गुरु के संघर्ष और समाज में आपसी तालमेल की प्रेरणा को लेकर आगे बढ़ेंगे तथा उनकी हर हार्दिक इच्छा को पूरी करेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि बांसडीह में गुरु जी की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी, एक आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण होगा और हर साल उनकी पुण्यतिथि पर स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शोकसभा में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील मौर्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow